केशव कुंज मैरिज हॉल चुरामनपुर में पहुंचे मनोज तिवारी का हुआ भव्य स्वागत
मनोज तिवारी के गूंजे जयकारे, क्षेत्रीय विकास पर हुई सकारात्मक चर्चा


न्यूज़ विज़न। बक्सर
रविवार को चुरामनपुर (बक्सर) स्थित केशव कुंज मैरिज हॉल उस समय उत्सव स्थल में तब्दील हो गया, जब दिल्ली से सांसद एवं सुप्रसिद्ध भोजपुरी अभिनेता-गायक मनोज तिवारी का भव्य आगमन हुआ। उनके स्वागत के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण, समर्थक और गणमान्य नागरिक पहले से ही मौजूद थे। गाजे-बाजे, फूल-मालाओं और जोरदार जयकारों के बीच जैसे ही मनोज तिवारी कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे, पूरा परिसर उत्साह और ऊर्जा से भर उठा। उपस्थित लोगों ने उनका आत्मीय अभिनंदन किया। स्वागत के दौरान युवाओं और बुजुर्गों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
आध्यात्मिक महत्व से जुड़ा है स्थल
उल्लेखनीय है कि यही केशव कुंज मैरिज हॉल वह पावन स्थल है, जहाँ कुछ वर्ष पूर्व जगद्गुरु रामानंदाचार्य रामभद्राचार्य जी महाराज का सानिध्य प्राप्त हुआ था। इस कारण यह स्थान क्षेत्र के श्रद्धालुओं के लिए विशेष आध्यात्मिक महत्व रखता है। धार्मिक और सामाजिक दृष्टि से यह स्थल क्षेत्र की आस्था का केंद्र माना जाता है।
विकास और सामाजिक एकता पर हुई चर्चा
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रीय विकास, सामाजिक समरसता और युवाओं की भागीदारी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सकारात्मक चर्चा हुई। उपस्थित लोगों ने क्षेत्र के विकास से जुड़ी अपेक्षाओं को सांसद के समक्ष रखा। इस अवसर पर विजय शंकर पांडेय, गांधी पांडेय, गिरीश पांडेय, प्रो० शिवजी पांडेय, अमृत राज पांडेय (छात्र नेता, दिल्ली विश्वविद्यालय), नंद कुमार तिवारी, विजय मिश्रा, जेपी चौबे, पप्पू सिंह, सौरभ तिवारी, राहुल, पंकज, रौनक, सौरभ, श्रीप्रकाश सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं ग्रामीण जन उत्साहपूर्वक उपस्थित रहे। समारोह के अंत में सभी ने एकजुट होकर क्षेत्र के सर्वांगीण विकास और सामाजिक सद्भाव को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम ने न केवल राजनीतिक बल्कि सांस्कृतिक और सामाजिक दृष्टि से भी एक सकारात्मक संदेश दिया।





