OTHERS

अल्बानिया में गूंजेगा बक्सर का दम! वर्ल्ड रैंकिंग सीरीज में भारतीय टीम में चयनित हुए चौसा के अविनाश पहलवान

25 फरवरी से 1 मार्च तक यूरोप के अल्बानिया में होगा आयोजन, भारतीय सेना के जांबाज खिलाड़ी पर जिले को गर्व

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
यूरोप महाद्वीप के देश अल्बानिया में 25 फरवरी से 01 मार्च 2026 तक आयोजित होने वाली द्वितीय वर्ल्ड रैंकिंग सीरीज में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए बिहार के बक्सर जिले के चौसा ग्राम निवासी अविनाश पहलवान का चयन भारतीय कुश्ती टीम में किया गया है। इस उपलब्धि से न सिर्फ बक्सर बल्कि पूरे बिहार और देश में खुशी की लहर दौड़ गई है।

 

अविनाश पहलवान वर्तमान में भारतीय सेना में कार्यरत हैं और अपने अनुशासन, समर्पण तथा कड़ी मेहनत के बल पर लगातार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन करते आ रहे हैं। इससे पूर्व भी वे भारतीय टीम का हिस्सा बनकर कई अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुके हैं। अविनाश पहलवान तीनों सेनाओं की कुश्ती टीम की ओर से विभिन्न जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए मारकोडोनिया, यूक्रेन, चीन सहित कई देशों में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। इसी महीने वे भारतीय टीम के साथ क्रोएशिया भी गए थे, जहां उन्होंने अपनी भूमिका को पूरी निष्ठा और सफलता के साथ निभाया। उनकी इस निरंतर उपलब्धि ने यह साबित कर दिया है कि छोटे से गांव चौसा से निकलकर भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल की जा सकती है।

 

कुश्ती संघ के पदाधिकारियों का जताया आभार
भारतीय कुश्ती टीम में चयन होने के बाद अविनाश पहलवान ने भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष संजय सिंह, बिहार कुश्ती संघ के अध्यक्ष विशाल सिंह, सचिव विनय सिंह (बक्सर) सहित सभी वरीय कुश्ती पदाधिकारियों के प्रति आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि संघ के मार्गदर्शन और सहयोग से ही उन्हें यह अवसर प्राप्त हुआ है।

 

बक्सर में जश्न का माहौल
अविनाश के चयन की खबर मिलते ही उनके गांव चौसा सहित पूरे बक्सर जिले में खुशी की लहर दौड़ गई। स्थानीय लोगों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर बक्सर कुश्ती संघ के सचिव विकास राज, अध्यक्ष अशोक सिंह, बिहार कुश्ती पद्धति प्रदेश कार्यकारिणी अध्यक्ष अरुण पहलवान, पप्पू शेख, बिहार अनुसूचित जनजाति आयोग के सदस्य राजू खरवार, चौसा रोगी कल्याण समिति सदस्य चंदा चौरसिया, बक्सर कुश्ती संघ उपाध्यक्ष मुस्तफा, एडवोकेट वासिम, रितेश चंद्रवंशी सहित तमाम स्थानीय गणमान्य लोगों ने अविनाश पहलवान को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। ग्रामीणों का कहना है कि अविनाश की यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ी के खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी। अब सबकी निगाहें अल्बानिया में होने वाली वर्ल्ड रैंकिंग सीरीज पर टिकी हैं, जहां बक्सर का यह लाल देश के लिए पदक जीतने की उम्मीद जगाए हुए है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button