नन्ही उम्र, बड़ा जज़्बा : महज 6 वर्ष का अयान ने रखा रोजा
परिवार में खुशी का माहौल, मोहल्ले में चर्चा का विषय


न्यूज़ विज़न। बक्सर
शहर के स्टेशन रोड गजाधर गंज निवासी समाजसेवी सह पूर्व पार्षद डॉ. निसार अहमद के परिवार में इस बार रमज़ान का महीना खास बन गया है। वजह है उनके 6 वर्षीय पोते अयान, जिसने छोटी सी उम्र में रोज़ा रखकर सबको आश्चर्यचकित कर दिया है।
वुडस्टॉक स्कूल में प्रेप का छात्र अयान ने जब रोज़ा रखने की जिद की तो पहले तो घरवालों ने उसे समझाने की कोशिश की। लेकिन उसके दृढ़ संकल्प के आगे पिता मोहम्मद कामरान उर्फ रिंकू और माता सना परवीन को आखिरकार हामी भरनी पड़ी। परिवार ने उसकी सेहत का ध्यान रखते हुए उसे रोज़ा रखने की अनुमति दी। अयान दो भाइयों में बड़ा है। उसका छोटा भाई रुहान अभी काफी छोटा है, लेकिन बड़े भाई को रोज़ा रखते देख वह भी उत्साहित है। घर में सहरी से लेकर इफ्तार तक एक अलग ही रौनक देखने को मिल रही है। इतनी कम उम्र में अयान का रोज़ा रखना आसपास के लोगों के लिए प्रेरणा बन गया है। पड़ोसी और रिश्तेदार उसकी हिम्मत और लगन की सराहना कर रहे हैं। लोग इसे बच्चों में धार्मिक संस्कार और पारिवारिक परंपरा के प्रति जागरूकता का प्रतीक मान रहे हैं।
दादा को है गर्व
समाजसेवी और पूर्व पार्षद डॉ. निसार अहमद ने बताया कि अयान की इच्छा को देखते हुए परिवार ने उसे समर्थन दिया। उन्होंने कहा कि बच्चों में यदि सकारात्मक भावना और आस्था हो तो उन्हें सही मार्गदर्शन देना चाहिए। नन्हे अयान का यह कदम न सिर्फ परिवार बल्कि पूरे मोहल्ले में चर्चा का विषय बना हुआ है। छोटी सी उम्र में बड़े हौसले की यह कहानी रमज़ान के पाक महीने में एक खास संदेश दे रही है—अगर इरादे मजबूत हों तो उम्र मायने नहीं रखती।





