भारतीय जनता पार्टी क्रीड़ा प्रकोष्ठ का नगर में उग्र प्रदर्शन
राहुल गांधी का पुतला दहन, विश्व AI समिट में तोड़फोड़ को बताया देशविरोधी कृत्य


न्यूज़ विज़न। बक्सर
देश की राजधानी में स्थित भारत मंडपम में आयोजित विश्व AI समिट के दौरान कथित रूप से हुई तोड़फोड़ की घटना को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया है। इस घटना के विरोध में रविवार को बक्सर में भारतीय जनता पार्टी क्रीड़ा प्रकोष्ठ द्वारा जोरदार प्रदर्शन किया गया।
प्रदर्शनकारियों ने कांग्रेस और उसके शीर्ष नेतृत्व पर गंभीर आरोप लगाते हुए इसे भारत की अंतरराष्ट्रीय छवि धूमिल करने वाला कृत्य बताया। भाजपा क्रीड़ा प्रकोष्ठ के कार्यकर्ताओं ने “राहुल गांधी शर्म करो”, “कांग्रेस पार्टी मुर्दाबाद” और “राहुल गांधी माफी मांगो” जैसे गगनभेदी नारों के साथ शहर में प्रतीकात्मक अंतिम जुलूस निकाला। कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के पुतले पर कालिख पोतकर गोलंबर पहुंचकर उसका दहन किया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि जब विश्व के कई राष्ट्राध्यक्ष भारत में अतिथि के रूप में पहुंचे हैं और पूरा देश इस वैश्विक आयोजन पर गौरवान्वित है, ऐसे समय में किसी भी प्रकार की गुंडागर्दी या तोड़फोड़ देशहित के विरुद्ध है।
प्रदर्शन का नेतृत्व भाजपा क्रीड़ा प्रकोष्ठ बक्सर विधानसभा प्रभारी सह कार्यक्रम प्रभारी भाई मनीष चौबे ने किया। इस दौरान जिला टीम के सदस्य हरेराम पांडेय, तुलसी मल्लाह, अरुण यादव, सिद्धार्थ पाण्डेय, सोनू चौधरी, अखिलेश मल्लाह, मोहित पांडेय, वीरेश मल्लाह, नंदलाल गुप्ता, विकास सिंह, राजन सिंह, सोनल तिवारी, कुंदन वर्मा, आकाश उपाध्याय एवं रोहित सिंह सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। नेताओं ने कहा कि इस प्रकार की घटनाएं न केवल लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ हैं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की साख को भी प्रभावित करती हैं। उन्होंने संबंधित पक्ष से सार्वजनिक माफी की मांग करते हुए कहा कि राष्ट्रहित सर्वोपरि है और इसके साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।





