वाराणसी के मोक्ष धाम की तरह व्यवस्थित होगा बक्सर का श्मशान घाट
श्मशान घाट पत्र अन्त्येष्टि से संबंधित सामग्री की खरीद व कर्मकांड आदि के लिए एक जगह पर कटेगी पर्ची, बार्गेनिंग से मिलेगा छुटकारा


न्यूज विजन। बक्सर
अब चरित्रवन स्थित श्मशान घाट पर शवों की अन्त्येष्टि करने के लिए आने वाले परिजनों को काफी राहत मिलेगी। परिजनों कोे श्मशान घाट पर लकड़ी, चंदन की लकड़ी, गोइठा, तिल, कराल आदि की खरीदारी के वक्त दुकानदारों की मनमानी का सामना करना पड़ता है। साथ ही मुखाग्नि व अन्य कर्मठ के समय डोमराजा, फक्कड़, पंडा जी मनमर्जी पैसा ऐंठने के लिए काफी फजीहत करते हैं।
लेकिन, अब इन सभी परेशानियों से निजात दिलाने के लिए नगर परिषद प्रशासन अच्छी पहल करने वाली है। शनिवार को दोपहर में नप की सभापति कमरून निशा, सशक्त स्थाई समिति के सदस्य इंद्र प्रताप सिंह, राजू राय, मनोज गुप्ता, ईओ कुमार ऋत्विक, स्वच्छता पदाधिकारी रवि कुमार सिंह, चेयरमैन प्रतिनिधि नियमतुल्लाह फरीदी, सहायक कर दारोगा नरसिंह चौबे, संतोष केसरी ने श्मशान घाट का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के बाद बनारस के मोक्ष धाम की तरह व्यवस्था बनाने का निर्णय लिया गया। लकड़ी, गोइठा समेत अन्त्येष्टि से संबंधित अन्य सामग्रियों की खरीद व अन्य कर्मठ कराने को लेकर होने वाले खर्च को लेकर न्यूनतम राशि का एक जगह ही पर्ची काटे जाने की व्यवस्था करने का निर्णय लिया गया। इससे घाट पर होने वाले मोल-भाव और परेशानी से परिजनों को मुक्ति मिल जाएगी।





