फाउंडेशन स्कूल में ऐतिहासिक एविएशन जागरूकता कार्यक्रम, फ्लाइट सिम्युलेटर अनुभव से गूंजा स्कूल परिसर
कैप्टन निपुण की गरिमामयी उपस्थिति में छात्रों को मिला पायलट बनने का मार्गदर्शन; Flying Scholar और Foundation School की संयुक्त पहल, National Education Policy 2020 की भावना को मिला बल


न्यूज़ विज़न। बक्सर
शुक्रवार की देर शाम गुरुदास मठिया लालगंज स्थित फाउंडेशन स्कूल के लिए ऐतिहासिक एवं जिले के लिए गौरवपूर्ण क्षण बन गई, जब विद्यालय परिसर में हल्की रोशनी और उत्साहपूर्ण वातावरण के बीच एविएशन जागरूकता कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
इस विशेष अवसर पर कैप्टन निपुण की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा को और बढ़ा दिया। कार्यक्रम का आयोजन Flying Scholar और Foundation School के संयुक्त प्रयास से किया गया। बड़ी संख्या में अभिभावक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। विद्यालय का मैदान अभिभावकों और बच्चों से खचाखच भरा रहा, जो अपने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य को लेकर अत्यंत उत्साहित दिखाई दिए। कैप्टन निपुण ने विद्यार्थियों को एविएशन क्षेत्र की बारीकियों, पायलट बनने की प्रक्रिया, आधुनिक विमानन तकनीक तथा एयरलाइन उद्योग में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की बढ़ती भूमिका के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आने वाला समय विज्ञान, तकनीक और नवाचार का है, और यदि विद्यार्थी प्रारंभिक अवस्था से ही सही मार्गदर्शन प्राप्त करें तो वे इस क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल कर सकते हैं।
विद्यालय के प्राचार्य मनोज त्रिगुण ने अपने संबोधन में कहा कि विद्यार्थियों में विज्ञान के प्रति जिज्ञासा एवं रुचि विकसित करना समय की मांग है। उन्होंने बताया कि नई शिक्षा नीति National Education Policy 2020 (NEP 2020) में STEM शिक्षा को प्रभावी बनाने, अनुभवात्मक अधिगम (Experiential Learning) को बढ़ावा देने तथा विद्यार्थियों को व्यावहारिक ज्ञान से जोड़ने पर विशेष बल दिया गया है। यह कार्यक्रम उसी दिशा में एक सार्थक पहल है। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने पायलटों से प्रशिक्षण, योग्यता, जिम्मेदारियों, चुनौतियों और अवसरों से जुड़े अनेक प्रश्न पूछे। उपस्थित विशेषज्ञों ने धैर्यपूर्वक सभी जिज्ञासाओं का समाधान किया। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण फ्लाइट सिम्युलेटर अनुभव रहा। विद्यार्थियों के साथ अभिभावकों ने भी सिम्युलेटर पर बैठकर अपने बच्चों को पायलट की भूमिका में देखा। अपने बच्चों को कॉकपिट में आत्मविश्वास के साथ प्रशिक्षण लेते देख कई अभिभावक भावुक हो उठे।
गौरतलब है कि Foundation School बिहार का पहला विद्यालय बन गया है, जहाँ विद्यार्थियों को विद्यालय परिसर में ही फ्लाइट सिम्युलेटर का वास्तविक अनुभव प्रदान किया गया। कार्यक्रम ने यह सिद्ध कर दिया कि यदि विद्यालय, अभिभावक और विशेषज्ञ मिलकर कार्य करें, तो शिक्षा को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाया जा सकता है। यह संध्या विद्यार्थियों के जीवन में प्रेरणादायी अध्याय के रूप में लंबे समय तक स्मरणीय रहेगा।





