50 हजार का इनामी अपराधी ब्रह्मेश्वर यादव गिरफ्तार, चक्की थाना पुलिस की बड़ी सफलता


न्यूज़ विज़न। बक्सर
जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत चक्की थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। मंगलवार को पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी अपराधी ब्रह्मेश्वर यादव को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की गिरफ्तारी थाना क्षेत्र के लक्ष्मण डेरा गांव से की गई।
थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि ब्रह्मेश्वर यादव चक्की थाना में दर्ज आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर आपराधिक मामलों में वांछित था। इसके अलावा उसके विरुद्ध बेतामिला कांड में भी प्राथमिकी दर्ज है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही थी, लेकिन वह फरार चल रहा था। उसके आपराधिक इतिहास को देखते हुए उस पर 50 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था। पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि आरोपी अपने गांव में छिपा हुआ है। सूचना के सत्यापन के बाद एक विशेष टीम का गठन किया गया और योजनाबद्ध तरीके से लक्ष्मण डेरा गांव में छापेमारी की गई। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
थानाध्यक्ष ने बताया कि जिले में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने तथा अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में फरार और इनामी अपराधियों की धरपकड़ तेज कर दी गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी सूरत में अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा और फरार चल रहे अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी छापेमारी जारी रहेगी। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों के बीच हड़कंप मच गया है, वहीं आम लोगों ने पुलिस की इस सफलता की सराहना की है।





