OTHERS

99.3 पर्सेंटाइल के साथ त्रिपर्णा जना ने रचा इतिहास, डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल बक्सर की छात्रा ने जेईई मेन्स 2026 में लहराया परचम

न्यूज़ विज़न। बक्सर
डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल, बक्सर की होनहार छात्रा त्रिपर्णा जना ने ऑल इंडिया जेईई मेन्स 2026 परीक्षा में 99.3 पर्सेंटाइल अंक प्राप्त कर विद्यालय ही नहीं, बल्कि पूरे जिले का नाम गौरवान्वित कर दिया है। इस शानदार उपलब्धि से विद्यालय परिवार में हर्ष और उल्लास का वातावरण व्याप्त है।

 

देश की प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा जेईई मेन्स में 99.3 पर्सेंटाइल हासिल करना अपने आप में बड़ी उपलब्धि मानी जाती है। त्रिपर्णा की इस सफलता ने यह साबित कर दिया कि दृढ़ संकल्प, अनुशासन और निरंतर परिश्रम से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य सह प्रक्षेत्र पदाधिकारी वी. आनंद कुमार ने त्रिपर्णा को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि उसकी कड़ी मेहनत, समर्पण और नियमित अभ्यास का परिणाम है। उन्होंने कहा कि त्रिपर्णा की सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है और यह विद्यालय के उत्कृष्ट शैक्षणिक वातावरण को भी दर्शाती है।

 

प्रधानाचार्य ने त्रिपर्णा के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विद्यालय के सभी शिक्षकों, कर्मचारियों तथा छात्रा के माता-पिता के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग से ही विद्यार्थियों की प्रतिभा निखरती है। त्रिपर्णा की इस उपलब्धि पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं, छात्र-छात्राओं और अभिभावकों ने प्रसन्नता व्यक्त की। विद्यालय परिसर में मिठाइयां बांटकर खुशी का इज़हार किया गया। सभी ने विश्वास जताया कि त्रिपर्णा भविष्य में भी उच्च शिखरों को छुएगी और देश का नाम रोशन करेगी। यह सफलता एक बार फिर सिद्ध करती है कि डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल, बक्सर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और प्रतिस्पर्धात्मक परीक्षाओं की सुदृढ़ तैयारी के लिए प्रतिबद्ध है। विद्यालय की यह उपलब्धि जिले के लिए गर्व का विषय बन गई है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button