ग्लोबल विजडम स्कूल में आयोजित विज्ञान मेले में नर्सरी से नवीं तक के बच्चों ने दिखाया इनोवेशन का कमाल
पीसी कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. महेशदत्त सिंह ने किया उद्घाटन, AI रोबोट व ऑटोमेटिक इरिगेशन सिस्टम रहे आकर्षण का केंद्र


न्यूज़ विज़न। बक्सर
शनिवार को इटाढ़ी रेलवे क्रॉसिंग के समीप स्थित ग्लोबल विजडम स्कूल में भव्य विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इस विज्ञान मेले में कक्षा नर्सरी से लेकर नवीं तक के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। विद्यालय परिसर में सृजनात्मकता, नवाचार और वैज्ञानिक सोच की अनूठी झलक देखने को मिली।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में पीसी कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. महेश दत्त सिंह उपस्थित रहे। उन्होंने प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए बच्चों के मॉडलों की सराहना की और विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि “विद्यार्थियों को दो मूल मंत्र अपनाने चाहिए – पहले सीखो और फिर उसका सदुपयोग करो।” उन्होंने कहा कि विज्ञान प्रदर्शनी बच्चों में शोध, जिज्ञासा और प्रयोगधर्मिता की भावना को मजबूत करती है। प्रदर्शनी में बच्चों द्वारा प्रस्तुत विभिन्न वैज्ञानिक मॉडलों ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। प्रमुख मॉडलों में ऑटोमेटिक इरिगेशन सिस्टम (टाइमली), एआई रोबोट, हाइड्रोलिक मशीन, प्लास्टिक रिवर्स वेंडिंग मशीन, ऑटोमैटिक हैंड सैनिटाइजर, सीजन मॉडल, ब्रिज मॉडल, वाटर फ्लड सिस्टम, क्रॉप प्रोटेक्शन सिस्टम, एक्लिप्स मॉडल, वाटर साइकिल मॉडल, ट्रैफिक सिस्टम, वाटर प्यूरीफिकेशन मॉडल, हिंग ज्वाइंट मॉडल सहित कई अभिनव प्रस्तुतियां शामिल रहीं।
इन मॉडलों के निर्देशन में शिक्षक प्रकाश पाण्डेय का विशेष योगदान रहा, जबकि विद्यालय की प्रधानाचार्या निशा राय ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए आयोजन को सफल दिशा प्रदान की।
सीनियर वर्ग (कक्षा 6 से 9) परिणाम
प्रथम स्थान:
एआई रोबोट (कक्षा 8)
ऑटोमेटिक इरिगेशन सिस्टम टाइमली (कक्षा 9)
द्वितीय स्थान:
वाटर फ्लड मशीन (कक्षा 7)
ऑटोमैटिक स्ट्रीट लाइट (कक्षा 6)
तृतीय स्थान:
ऑटोमैटिक हैंड सैनिटाइजर (कक्षा 9)
एयर डिजास्टर मैनेजमेंट सिस्टम (कक्षा 8)
जूनियर वर्ग (कक्षा 1 से 5) परिणाम
प्रथम स्थान:
सोलर एवं लूनर एक्लिप्स मॉडल (कक्षा 5)
द्वितीय स्थान:
हाइड्रोलिक क्रेन (कक्षा 2)
तृतीय स्थान:
वाटर साइकिल मॉडल (कक्षा 1)
विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, इस प्रकार की विज्ञान प्रदर्शनी का उद्देश्य बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करना और उन्हें व्यवहारिक ज्ञान से जोड़ना है। पूरे आयोजन को विद्यालय परिवार ने शांतिपूर्ण और समरस वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न कराया। अभिभावकों और अतिथियों ने बच्चों की रचनात्मकता की सराहना करते हुए विद्यालय के प्रयासों को सराहनीय बताया। विज्ञान मेले ने यह साबित कर दिया कि छोटे शहरों के विद्यार्थी भी नवाचार और तकनीकी सोच में किसी से पीछे नहीं हैं।





