जाम से मिलेगी निजात: नो व्हीकल जोन बना रामरेखा घाट रोड
बड़े और छोटे वाहनों के लिए बनेगा अलग-अलग पार्किंग स्थल


न्यूज विजन। बक्सर
धार्मिक आयोजनों व मेला के दौरान पर सबसे अधिक भीड़ रामरेखा घाट पर होती है। श्रद्धालुओं को घंटों जाम की समस्या से जूझना पड़ता है। अब उन्हें जाम से निजात मिलने वाली है। 15 फरवरी से रामरेखा घाट रोड नो व्हीकल जोन घोषित कर दिया जाएगा। नगर परिषद के ईओ कुमार ऋत्विक ने बताया कि नो व्हीकल जोन घोषित होने के साथ ही बड़े और छोटे वाहनों के लिए पार्किंग स्थल के लिए जमीन चिन्हित कर लिया गया है। जहां लोग अपनी गाड़ियों को सुरक्षित खड़ा कर सकते हैं।
नगर परिषद के ईओ ने बताया कि किला मैदान के पश्चिम तरफ टेम्पो और बड़े वाहनों के लिए पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी। उक्त स्थल पर बस, टेम्पो, ट्रैक्टर, जीप समेत अन्य बड़े वाहन खड़े किए जाएंगे। वहीं रामरेखा घाट तीनमुहानी से दक्षिण तरफ बाइक स्टैंड बनाया जाएगा। यहां एक साथ सत्तर से अस्सी बाइक पार्क करने की व्यवस्था रहेगी। पार्किंग स्थल पर वाहनों के प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग द्वार बनाया जाएगा।
नगर परिषद के ईओ कुमार ऋत्विक ने कहा कि पार्किंग स्थल तक पहुंच आसान करने के लिए दिशा सूचक बोर्ड लगाया जाएगा। वहीं दो नगर यातायात प्रहरी की तैनाती की जाएगी, जो वाहन चालकों को निर्देशित करेंगे। इनकी ड्यूटी आठ-आठ घंटे की होगी। विशेष आयोजन पर यह व्यवस्था चौबीस घंटे की होगी। उन्होंने आम लोगों से अच्छे नागरिक का दायित्व निभाते और बताए गए जगह पर गाड़ी लगाने की अपील की।
नगर परिषद के ईओ कुमार ऋत्विक ने कहा की पार्किंग की व्यवस्था प्रयोगात्मक है। आवश्यकता के अनुसार स्थल चयन कर पार्किंग को और बढ़ाया जाएगा। साथ ही शहर में मल्टीप्लेक्स पार्किंग बनाने की भी योजना है।





