बक्सर रेल थाना क्षेत्र में महिला यात्री से लूट का खुलासा, चार बदमाश गिरफ्तार
रेल पुलिस की त्वरित कार्रवाई से बरामद हुई नकदी, आभूषण, चाकू और लाइट गन जैसा पिस्टल


न्यूज़ विज़न। बक्सर
बक्सर रेल थाना क्षेत्र में महिला यात्री से हुई लूट की सनसनीखेज वारदात का रेल पुलिस ने सफलतापूर्वक उद्भेदन कर लिया है। इस मामले में रेल पुलिस ने चार शातिर अपराधियों को गिरफ्तार करते हुए लूट की नकदी, आभूषण, चाकू और लाइट गन जैसा पिस्टल बरामद किया है। यह कार्रवाई रेल पुलिस अधीक्षक, पटना के स्पष्ट निर्देश पर की गई।
रेल पुलिस अधीक्षक कार्यालय, पटना से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार रेल थाना बक्सर कांड संख्या 28/26 के तहत दर्ज इस मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। घटना 7 फरवरी 2026 की सुबह लगभग 4:45 बजे की है, जब गाड़ी संख्या 53262 बक्सर–पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पैसेंजर ट्रेन में यात्रा कर रही एक महिला यात्री से स्टेशन के आसपास बदमाशों ने लूटपाट की थी। अपराधियों ने महिला से नकदी और कीमती आभूषण छीन लिए थे, जिससे यात्रियों में दहशत फैल गई थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए रेल पुलिस ने तत्काल एक विशेष जांच टीम का गठन किया। तकनीकी अनुसंधान, सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण और मानवीय सूचना (इंटेलिजेंस) के आधार पर लगातार छापेमारी अभियान चलाया गया। इसी क्रम में चारों आरोपियों को दबोचने में पुलिस को सफलता मिली।
पुलिस द्वारा गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान इस प्रकार की गई है जिसमे विशेष पाठक (25), निवासी आदित्यपुर गुमटी नंबर-01, झारखंड, भोले शंकर पासवान उर्फ योगेश कुमार (19), निवासी पीपी कॉलेज रोड, नगर थाना क्षेत्र रोहित कुमार, निवासी खेरनिया, अमित वर्मा (32), निवासी नालबंद टोली शामिल है। गिरफ्तार अभियुक्तों की तलाशी के दौरान पुलिस ने उनके पास से तीन जोड़ी पायल, एक चांदी की नथ, एक चाकू, लाइट गन जैसा पिस्टल, ₹10,000 नकद बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार सभी अभियुक्तों के खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक मामले दर्ज रहे हैं। उनके आपराधिक इतिहास की विस्तृत जांच की जा रही है।
न्यायिक हिरासत और स्पीडी ट्रायल की तैयारी
रेल पुलिस ने बताया कि सभी अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। साथ ही इस कांड में स्पीडी ट्रायल कराए जाने की प्रक्रिया भी प्रारंभ कर दी गई है, ताकि पीड़िता को शीघ्र न्याय मिल सके। रेल पुलिस अधीक्षक कार्यालय ने इस पूरी कार्रवाई में शामिल पुलिस पदाधिकारियों और जवानों की सराहना की है। इस सफल उद्भेदन से रेल यात्रियों में सुरक्षा को लेकर भरोसा मजबूत हुआ है और अपराधियों को स्पष्ट संदेश गया है कि रेलवे क्षेत्र में अपराध करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।





