OTHERS

त्रिदंडीदेव आवासीय संस्कृत उच्च विद्यालय में धूमधाम से मनाया गया 77 वां गणतंत्र दिवस

मुस्मात रत्ना कुंवर संस्कृत उच्च विद्यालय में प्रधानाध्यापक ने किया ध्वजारोहण

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
77वें गणतंत्र दिवस के पुनीत अवसर पर त्रिदंडीदेव आवासीय संस्कृत उच्च विद्यालय, चरित्रवन (बक्सर) के प्रांगण में एक भव्य एवं गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के सचिव वीरेंद्र कुमार दुबे उर्फ़ कृष्णा जी दुबे ने राष्ट्रीय ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। इसके पश्चात पूरे परिसर में राष्ट्रगान और देशभक्ति के नारों से वातावरण गूंज उठा।

 

मौके पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए श्री दुबे ने कहा कि “आज ही के दिन 76 वर्ष पूर्व, 26 जनवरी 1950 को भारतीय संविधान अस्तित्व में आया था। यह दिन हमें संविधान की गरिमा और उसके मूल्यों को आत्मसात करने की प्रेरणा देता है।” उन्होंने भारतीय संविधान के निर्माता भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर, राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू एवं प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद के बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक रविशंकर पांडे, सहायक शिक्षक अशोक कुमार मिश्रा, मुकेश कुमार राय सहित अन्य शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

 

वहीं दूसरी ओर, मुस्मात रत्ना कुंवर संस्कृत उच्च विद्यालय, डीहरिया (बक्सर) के प्रांगण में भी गणतंत्र दिवस पूरे उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। विद्यालय के प्रधानाध्यापक राम बच्चन सिंह यादव ने विद्यालय अध्यक्ष बेचू सिंह यादव, शिक्षक शिवजी सिंह, अभिमन्यु राम तथा अवकाश प्राप्त प्रधानाध्यापक मुखदेव राय की गरिमामयी उपस्थिति में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। दोनों विद्यालयों में आयोजित कार्यक्रमों ने यह संदेश दिया कि संस्कृत शिक्षा संस्थान न केवल ज्ञान का केंद्र हैं, बल्कि राष्ट्र निर्माण और संवैधानिक मूल्यों के संवाहक भी हैं।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button