नारी सशक्तिकरण को दिया मूर्तरूप, छात्राओं ने किया विद्यालय का संपूर्ण संचालन


न्यूज विजन। बक्सर
बालिका शिक्षा में नित नए प्रयोग और आयाम स्थापित करने वाली नगर के सिविल लाइंस स्थित सरस्वती विद्या मंदिर, बालिका खंड की दशम की छात्राओं ने सोमवार को विद्यालय के प्रशासनिक, शैक्षणिक तथा कार्यालय संबंधित सभी कार्यों का सफलता पूर्वक संचालन किया। एक दिन के लिए प्रधानाचार्या का पदभार सौम्या पाठक ने संभाला। सौम्या ने कहा कि आज का दिन मेरे लिए अत्यन्त रोचक, जिम्मेदारियों से भरा हुआ व यादगार रहेगा।
वहीं उपप्रधानाचार्य का दायित्व प्रज्ञा ओझा ने बखूबी निभाया तथा विद्यालय द्वारा दिए गए इस दायित्व को नारी सशक्तिकरण व सम्मान का प्रतीक तथा बालिकाओं के उत्थान के लिए विद्यालय द्वारा दिया एक शानदार अवसर बताया। कार्यालय में शुल्क संकलन व नवीन नामांकन से संबंधित जानकारियां अनुष्का पांडेय व स्मिता कुमारी ने दी। विद्यालय के शिक्षण प्रमुख के तौर पर श्रेया तिवारी व कृतिका राय ने सुचारू रूप से पठन-पाठन संपन्न कराया। श्रुति ओझा, सृष्टि पाठक, डिम्पल कुमारी, क्षमा राय, श्रेया तिवारी, नीलू, नेहा, साक्षी, समृद्धि, जया, श्रेया राज, खुशी पांडेय, कृतिका, खुशी मौर्या तथा साक्षी ने विभिन्न विषयों के अवधारणा को विद्या भारती के सशक्त पंचपदी अध्यापन शैली में प्रस्तुत किया। यह शैली राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अध्यापन का भी रीढ़ है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य शैलेन्द्र कुमार सिंह ने हर एक स्तरों पर देश में अच्छे शिक्षकों की सख्त आवयश्कता बताते हुए कहा कि छात्राओं द्वारा विद्यालय संचालन कार्य को विद्यार्थियों में नेतृत्व कौशल, करियर के प्रति सजगता तथा राष्ट्र निर्माण में अहम भूमिका निभाएंगी। विद्यालय प्रबंध करनी समिति के द्वारा भी इस कार्य की सराहना की।





