एमपी हाई स्कूल की छात्राओं ने जिला स्तरीय युवा महोत्सव में किया नाम रोशन
विज्ञान मेला और सामूहिक नृत्य प्रतियोगिता में प्राप्त किया प्रथम स्थान


न्यूज़ विज़न। बक्सर
कला, संस्कृति एवं युवा विभाग द्वारा इंजीनियरिंग कॉलेज परिसर में आयोजित दो दिवसीय जिला स्तरीय युवा महोत्सव में एमपी हाई स्कूल, बक्सर की छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय और शिक्षकों का मान बढ़ाया। विज्ञान मेला तथा सामूहिक नृत्य—दोनों प्रमुख प्रतियोगिताओं में विद्यालय की प्रतिभाशाली बच्चियों ने जिला स्तर पर प्रथम स्थान हासिल किया।
विज्ञान मेला में विद्यालय की छात्रा बबली कुमारी ने दिव्यांगजनों के लिए विशेष रूप से तैयार की गई ‘डिजिब स्टिक’ नामक नवोन्मेषी उपकरण का प्रदर्शन किया। उनकी इस अनोखी प्रस्तुति ने न केवल जजों को प्रभावित किया, बल्कि सामाजिक सरोकारों से जुड़ी विज्ञान परियोजनाओं में इसे सबसे उपयोगी माना गया, जिसके आधार पर उन्हें जिला स्तर पर प्रथम पुरस्कार प्रदान किया गया। वहीं, सामूहिक नृत्य प्रतियोगिता में विद्यालय की छात्राएँ सुभद्रा, शिवानी एवं जूही कुमारी ने पारंपरिक मैथिली संस्कृति पर आधारित सामूहिक नृत्य प्रस्तुत किया। उनकी लय, ताल, वेशभूषा एवं अभिव्यक्ति ने दर्शकों और जजों का दिल जीत लिया। परिणामस्वरूप विद्यालय को इस श्रेणी में भी जिला भर में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ।
इन उपलब्धियों से उत्साहित होकर विद्यालय के प्रधानाध्यापक अरविन्द कुमार सिंह ने स्कूल परिसर में सुबह चेतना सत्र के दौरान जिला स्तर पर चयनित सभी प्रतिभागी छात्राओं को सम्मानित किया। प्रधानाध्यापक ने बच्चियों के प्रयास, मेहनत और प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि विद्यालय परिवार को इन होनहार छात्राओं पर गर्व है। उन्होंने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भी इनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं। सम्मान समारोह के दौरान विद्यालय के शिक्षक पुरुषोत्तम पांडे, पवन यादव, गोविंद जी, नुजहत फातिमा, सूची कुमारी, विनोद चौबे, अनीता, रोशनी, श्वेता राय, मृदुला कुमारी, गीता, अनु, अंजू, रूबी कुमारी, नीता कुमारी, नरेंद्र दुबे, बबीता कुमारी, रंजना जी, अशोक सर, दीपक रंजन, शैल कुमारी समेत सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित शिक्षकों ने छात्राओं की उपलब्धि को विद्यालय की सामूहिक सफलता बताते हुए कहा कि ऐसी प्रतिभाएँ न केवल विद्यालय, बल्कि जिले का भी गौरव बढ़ाती हैं। सभी ने राज्य स्तर पर उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की कामना की।





