पूर्व सैनिकों के हित में सराहनीय पहल : ECHS बक्सर में निःशुल्क जीवन प्रमाण पत्र भरा गया


न्यूज़ विज़न। बक्सर
OIC ECHS बक्सर के अनुरोध पर बिहार राज्य पूर्व सैनिक संघ पश्चिमी के निदेशक नायब सूबेदार जयराम सिंह के नेतृत्व में सोमवार को एक सराहनीय सामाजिक पहल की गई। इस पहल के तहत बक्सर जिले के 47 पूर्व सैनिकों के जीवन प्रमाण पत्र (Life Certificate) निःशुल्क भरे गए। आम तौर पर जीवन प्रमाण पत्र भरवाने के लिए पूर्व सैनिकों को साइबर कैफे जाकर शुल्क देना पड़ता है, लेकिन संघ पश्चिमी की इस पहल से सैनिकों को आर्थिक और तकनीकी दोनों प्रकार की सुविधा मिली।
संघ के निदेशक नायब सूबेदार जयराम सिंह ने बताया कि हमारा उद्देश्य है कि कोई भी पूर्व सैनिक आर्थिक बोझ महसूस किए बिना अपनी आवश्यक पेंशन से जुड़ी प्रक्रियाएं पूरी कर सके। यह सेवा पूरी तरह निःशुल्क है और हर जरूरतमंद पूर्व सैनिक के लिए उपलब्ध रहेगी। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि यह निःशुल्क अभियान पूरे नवंबर माह तक चलता रहेगा। जिन पूर्व सैनिकों का जीवन प्रमाण पत्र अब तक नहीं भरा गया है, वे बिहार राज्य पूर्व सैनिक संघ पश्चिमी के किसी भी सदस्य से संपर्क कर सकते हैं या सीधे OIC ECHS बक्सर को सूचित कर सकते हैं।
संघ ने स्पष्ट किया कि पूर्व सैनिकों के हित से जुड़े पेंशन, चिकित्सा एवं अन्य कार्य भी पूर्णतः निशुल्क रूप से किए जाते हैं। यह पहल न केवल बक्सर जिले बल्कि पूरे क्षेत्र में पूर्व सैनिक कल्याण की दिशा में एक मिसाल बन गई है। इस कार्यक्रम को सफल बनाने में संघ के कई समर्पित सदस्यों ने अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया। इनमें प्रमुख रूप से नायब सूबेदार राजबली सिंह (पेंशन डायरेक्टर, बिहार राज्य पूर्व सैनिक संघ पश्चिमी), नायब सूबेदार तारा बाबू सिंह (उपाध्यक्ष), नायब सूबेदार फुलबदन सिंह (कोषाध्यक्ष), हवलदार रवि कुमार सिंह, नायब सूबेदार नारद मुनि सिंह शामिल है।
सभी सदस्यों ने अपने व्यस्त समय से समय निकालकर पूर्व सैनिकों की सेवा में भागीदारी की। संघ ने सभी योगदानकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि आने वाले समय में भी ऐसी निःस्वार्थ सेवाएँ जारी रहेंगी। स्थानीय पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों ने इस सेवा को लेकर संघ के प्रति आभार और प्रसन्नता व्यक्त की, तथा इसे एक “मानवीय व प्रेरणादायक पहल” बताया।





