सनातन धर्म और सुरक्षा के लिए युवा एकजुट हों : गिरिराज सिंह
किला मैदान में युवा शंखनाद कार्यक्रम, गिरिराज सिंह और नितिन नवीन ने युवाओं को किया संबोधित



न्यूज़ विज़न। बक्सर
शहर के ऐतिहासिक किला मैदान में भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) द्वारा भव्य युवा शंखनाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह और बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री व बक्सर प्रभारी मंत्री नितिन नवीन उपस्थित रहे। कार्यक्रम में हजारों की संख्या में युवा और कार्यकर्ता जुटे और पूरे मैदान में जोश और उत्साह का माहौल देखने को मिला।








कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने युवाओं को समाज और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आज समय की मांग है कि सनातनी युवा केवल रोजगार और विकास के लिए ही नहीं, बल्कि धर्म और समाज की रक्षा के लिए भी आगे आएं। बहन-बेटियों की सुरक्षा का ध्यान रखते हुए समाज को एकजुट करना ही युवा शक्ति का सबसे बड़ा कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति ही उस विचारधारा को सफल बना सकती है जो राष्ट्र और समाज को मजबूत आधार देती है।




वही पथ निर्माण मंत्री और बक्सर प्रभारी मंत्री नितिन नवीन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार की प्रगति को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार ने बिहार के युवाओं को रोजगार और शिक्षा में हर संभव सहायता दी है। जो लोग यह सवाल उठाते हैं कि बिहार को क्या मिला, उन्हें लालटेन की रोशनी छोड़कर LED की रोशनी में प्रगति देखनी चाहिए। उन्होंने विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव पर हमला बोलते हुए कहा कि उन्होंने बिहार को केवल लूटने का काम किया और “जमीन के बदले नौकरी” जैसी भ्रष्ट प्रथाओं को बढ़ावा दिया। आने वाले एक वर्ष में बिहार के 1 करोड़ युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा। 2005 से पहले राज्य में केवल 2 इंजीनियरिंग कॉलेज थे, आज 38 जिलों में इंजीनियरिंग कॉलेज स्थापित हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि बक्सर विकास की नई ऊँचाइयों को छूने को तैयार है और अगर युवा शक्ति साथ दे तो विकास की रफ्तार कभी रुकने नहीं पाएगी।
कार्यक्रम को भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश भुवन और युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष भारतेंदु मिश्र ने भी संबोधित किया। भारतेंदु मिश्र ने युवाओं से अपील की कि वे मजबूती से कार्य करें और पूरे बक्सर से महागठबंधन को उखाड़ फेंकें। कार्यक्रम का संचालन अखिलेश पांडेय ने किया। कार्यक्रम के संयोजक जिलाध्यक्ष अविनाश पांडेय थे। इस अवसर पर युवा मोर्चा के उपाध्यक्ष जितेंद्र सिंह, प्रदेश प्रवक्ता मनोज मिश्रा, प्रदेश मंत्री संतोष रंजन राय, रूपेश दुबे, राहुल सिंह, अमित पांडेय, अक्षय ओझा, सूर्यभान, शिवम, सत्येंद्र, नीकु, मधु, अर्जुन, मनीष, सोनु, विपुल, आदित्य, पीयूष, राजा निषाद सहित हजारों कार्यकर्ता मौजूद रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान युवाओं का उत्साह देखने लायक था। मंच पर नेताओं के भाषणों के दौरान लगातार नारों और तालियों की गूंज से मैदान गूंजता रहा। भाजपा युवा मोर्चा ने इस कार्यक्रम को संगठन की शक्ति और 2025 विधानसभा चुनावों से पहले युवाओं के संकल्प का प्रतीक बताया।

