शिक्षकों के सम्मान में भव्य समारोह, अनीता यादव और मनीष कुमार जायसवाल हुए सम्मानित


न्यूज़ विज़न। बक्सर
भारतीय पिछड़ा शोषित संगठन बक्सर इकाई के तत्वावधान में रविवार को आदर्श नगर बक्सर में एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षा क्षेत्र में विशेष योगदान देने वाले शिक्षकों का सम्मान करना था। इस अवसर पर राजकीय शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित शिक्षिका अनीता यादव और शिक्षक मनीष कुमार जायसवाल को सम्मानित किया गया।
समारोह की अध्यक्षता वरीय अधिवक्ता गणपत मंडल ने की, जबकि संचालन का दायित्व शिक्षक विपिन कुमार ने संभाला। कार्यक्रम का शुभारंभ स्कूली बच्चों द्वारा प्रस्तुत स्वागत गान से हुआ। तत्पश्चात आयोजक मंडल द्वारा पुष्प भेंट कर आगत अतिथियों का स्वागत किया गया। मुख्य अतिथि शिक्षिका अनीता यादव ने अपने संबोधन में शिक्षकों की संघर्षपूर्ण यात्रा, उनके समाज में महत्वपूर्ण स्थान तथा शिक्षा के माध्यम से होने वाले सामाजिक परिवर्तन पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि शिक्षक सिर्फ ज्ञान का वाहक नहीं होता, बल्कि वह समाज निर्माण की सबसे मजबूत कड़ी है। विशिष्ट अतिथि सह प्रधानाध्यापक डॉ. मनीष कुमार शशि ने अपने विचार रखते हुए कहा कि शिक्षा व्यवस्था को सशक्त बनाने के लिए शिक्षक, समाज और अभिभावक—तीनों के सामूहिक प्रयास की आवश्यकता है। उन्होंने बच्चों को जिला और राज्य स्तर पर पहचान दिलाने के लिए विद्यालयों की चुनौतियों और संभावनाओं पर भी प्रकाश डाला।
सिविल कोर्ट बक्सर के अधिवक्ता जनार्दन सिंह ने संविधान और कानून पर विस्तार से विचार व्यक्त करते हुए बताया कि गरीब और वंचित वर्ग के लिए संविधान ही सबसे बड़ा सहारा है। कार्यक्रम में पूर्व प्रमुख सत्येंद्र सिंह यादव, गिरजेश कुमार, बद्री पाल, जुनैद आलम, विनय शंकर यादव, शिक्षक मनीष कुमार जायसवाल, शिक्षिका अनीता यादव, वरीय अधिवक्ता गणपत मंडल और प्रभारी प्रधानाध्यापक रमाकांत राम सहित कई लोगों ने अपने विचार व्यक्त किए। आगत अतिथियों का स्वागत अवकाश प्राप्त प्रधानाध्यापक अखिलेश्वर प्रसाद सिंह ने किया। मौके पर दीपक यादव, नरेंद्र सिंह, रामकेश्वर सिंह, प्रमोद कुमार सिंह, ललन सिंह, दरोगा सिंह, चंद्र देव सिंह, तेज नारायण सिंह समेत बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
सम्मान और समापन
समारोह के दौरान शिक्षिका अनीता यादव और शिक्षक मनीष कुमार जायसवाल को अंग वस्त्र और भारत का संविधान भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रगान का गायन हुआ तथा प्रभारी प्रधानाध्यापक रमाकांत राम द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ समारोह का समापन हुआ।





