पुआल की आग में झुलसकर 5 वर्षीय मासूम आदित्य की मौत
बक्सर के मटकीपुर में दर्दनाक हादसा : गांव में खेलते समय आग की चपेट में आया बच्चा, सदर अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित; परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल


न्यूज़ विज़न। बक्सर
बक्सर जिला अंतर्गत धनसोई थाना क्षेत्र के मटकीपुर गांव में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां पुआल के ढेर में लगी आग की चपेट में आने से पांच वर्षीय मासूम आदित्य कुमार की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया है।
मिली जानकारी के अनुसार मटकीपुर गांव निवासी राजकुमार और उनके परिवार के सदस्य खेत में कृषि कार्य में व्यस्त थे। इसी दौरान उनका पांच वर्षीय पुत्र आदित्य कुमार घर के समीप खेल रहा था। तभी पास में रखे पुआल के ढेर में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और मासूम उसकी चपेट में आ गया।परिजनों को जब आग लगने की जानकारी मिली तो वे दौड़कर मौके पर पहुंचे और किसी तरह आग बुझाई। आग शांत होने के बाद देखा गया कि आदित्य बुरी तरह झुलस चुका था। आनन-फानन में परिजन उसे बक्सर सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में शोक की लहर है। परिजनों ने बताया कि आग कैसे लगी या किसी ने लगाई, इसकी किसी को जानकारी नहीं है। फिलहाल घटना को लेकर ग्रामीणों में भी चर्चा का माहौल बना हुआ है।





