OTHERS

30 बिहार बटालियन एनसीसी बक्सर में प्रतियोगिता एवं जागरूकता अभियान का सफल आयोजन

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
शनिवार को 30 बिहार बटालियन एनसीसी बक्सर के तत्वावधान में शहर के एम.पी. हाई स्कूल परिसर में विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं जागरूकता कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता बटालियन के कमान अधिकारी कर्नल रितेश रंजन एवं प्रशासनिक अधिकारी कर्नल हेमंत कुमार बेलवाल ने संयुक्त रूप से की।

 

कार्यक्रम के दौरान पेंटिंग एवं निबंध लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें कुल 72 कैडेटों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कैडेटों ने अपने सृजनात्मक कौशल का प्रदर्शन करते हुए लोकतंत्र, मतदाता जागरूकता और स्वच्छता जैसे विषयों पर अपने विचार व्यक्त किए। प्रतियोगिता का उद्देश्य युवा पीढ़ी में रचनात्मकता के साथ सामाजिक एवं राष्ट्रीय जिम्मेदारियों के प्रति जागरूकता का भाव जगाना था। इसके साथ ही मतदाता जागरूकता एवं स्वच्छता अभियान का भी सफल आयोजन किया गया। इस दौरान कमान अधिकारी कर्नल रितेश रंजन ने कैडेटों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वास्थ्य और विकसित लोकतंत्र के लिए मतदाताओं की जागरूकता अत्यंत आवश्यक है। भारत का प्रत्येक नागरिक मतदान अवश्य करे और किसी प्रकार के प्रलोभन में आए बिना योग्य उम्मीदवार का चयन कर लोकतंत्र को मजबूत बनाए।

 

उन्होंने आगे कहा कि स्वस्थ जीवन जीने के लिए स्वच्छता का विशेष महत्व है। स्वच्छता अपनाने से व्यक्ति रोग मुक्त रहता है और यही आदत एक स्वस्थ राष्ट्र निर्माण में सहायक बनती है। इस अभियान में कैडेटों को न केवल मतदान के महत्व से अवगत कराया गया, बल्कि व्यक्तिगत एवं सामुदायिक स्वच्छता के लिए भी प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में पी.आई. अधिकारी, अनेक एनसीसी कैडेट, विद्यालय के शिक्षकगण एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। अभियान को सफल बनाने में सीएचएम हरेंद्र कुमार एवं सीएचएम नितेश कुमार की भूमिका अत्यंत सराहनीय रही। उनके सहयोग एवं मार्गदर्शन से कैडेटों ने इस कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button