माँ काली की 23वीं स्थापना वर्षगांठ पर भव्य शोभायात्रा के साथ श्रीराम कथा सह ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ


न्यूज़ विज़न। बक्सर
औद्योगिक क्षेत्र स्थित माँ काली मंदिर की 23वीं स्थापना वर्षगांठ के पावन अवसर पर मंगलवार को श्रीराम कथा सह ज्ञान यज्ञ का भव्य शुभारंभ श्रद्धा और उल्लास के साथ किया गया। इस अवसर पर भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालु माथे पर कलश लेकर अहिरौली स्थित अहिल्या गंगा घाट से वैदिक मंत्रोच्चार के बीच जलभरी कर औद्योगिक क्षेत्र स्थित काली स्थान पहुंचे। गाजे-बाजे, शंखनाद और “जय माँ काली” के जयघोष से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा।
शोभायात्रा के उपरांत मंदिर परिसर में विधिवत पंचांग पूजन एवं मंडप प्रवेश कराया गया। यज्ञाचार्य सतेंद्र तिवारी उर्फ सोनू बाबा ने बताया कि माँ काली की 23वीं स्थापना वर्षगांठ के उपलक्ष्य में 6 जनवरी से 14 जनवरी 2026 तक संगीतमय श्रीराम कथा का आयोजन किया जा रहा है। कथा प्रतिदिन दोपहर 1 बजे से संध्या 5 बजे तक औद्योगिक क्षेत्र स्थित काली स्थान में आयोजित होगी। कथा व्यास के रूप में श्रीधाम अयोध्या से पधारीं सुश्री किशोरी प्रज्ञा पाण्डेय श्रद्धालुओं को श्रीराम कथा का रसपान करा रही हैं। आयोजन में आचार्य सत्येन्द्र तिवारी (सोनू बाबा) का विशेष मार्गदर्शन प्राप्त हो रहा है।
इस भव्य धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में पूजा समिति के सदस्यों की भूमिका सराहनीय रही। समिति में सोनू बाबा, मानस सिंह, राजकमल सिंह (बलिहार), विशाल चौबे, गुडलुक सिंह, चंदन सिंह, इंद्रजीत पांडेय, सुशील राय एवं राहुल पांडेय ने सक्रिय योगदान दे रहे हैं। कार्यक्रम का समापन 14 जनवरी को पूर्णाहुति एवं भंडारे के साथ किया जाएगा। आयोजन समिति ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।





