महिला जेल में बंदी दरबार लगा डीएम ने सुनी फरियाद




न्यूज़ विज़न। बक्सर
महानिरीक्षक कारा एवं सुधार सेवाएँ, बिहार से प्राप्त निर्देश एवं बिहार कारा हस्तक 2012 के नियम 262 के आलोक में महिला मंडल कारा, बक्सर में बुधवार को बंदियों के शिकायत निवारण करने हेतु डीएम अंशुल अग्रवाल की अध्यक्षता एवं एसपी शुभम आर्य की उपस्थिति में बंदी दरबार का आयोजन किया गया।








महिला मंडल कारा के कुछ बंदियों के द्वारा अपने एवं अपने बच्चों के ईलाज के लिए कारा में आयोजित चिकित्सा शिविर में शिशु रोग विशेषज्ञ चिकित्सक, दंत चिकित्सक एवं नेत्र रोग विशेषज्ञ चिकित्सक की उपस्थिति हेतु डीएम से अनुरोध किया गया। जिसके संदर्भ में जिला पदाधिकारी द्वारा असैनिक शल्य चिकित्सक-सह-मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी को महिला मंडल कारा में विशेष कैम्प लगवाकर बंदियों का स्वास्थ्य जांच करने हेतु निर्देशित किया गया। कई सजावार महिला बंदियों के द्वारा अपने जिला जेल में स्थानान्तरित करने हेतु जिला पदाधिकारी से अनुरोध किया गया। जिसके आलोक में डीएम के द्वारा कारा अधीक्षक को बिहार कारा हस्तक नियमावली 2012 के अनुसार कार्रवाई करने हेतु निर्देशित किया गया।




एक दिव्यांग सजावार महिला बंदी उम्र (लगभग 90 वर्ष से अधिक) के द्वारा अपने गृह जिला रोहतास में स्थानान्तरण करने हेतु अनुरोध किया गया। जिसके आलोक में जिला पदाधिकारी के द्वारा महिला मंडल कारा बक्सर को नियमानुसार कार्रवाई करने हेतु निर्देशित किया गया। महिला मंडल कारा बक्सर में बंदी दरबार के आयोजन से संसिमत महिला बंदियों ने जिलाधिकारी को आभार प्रकट किया। बंदी दरबार आयोजन में असैनिक शल्य चिकित्सक-सह-मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता भवन प्रमंडल, कार्यपालक अभियंता विद्युत विभाग, कार्यपालक अभियंता लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण, प्रधान प्रोबेशन पदाधिकारी एवं वृत्ताधीक्षक केंद्रीय कारा बक्सर के अधीक्षक उपस्थित थे।

