पांच दिनों से लापता 18 वर्षीय युवती का शव बोरी में मिला, शादी होने से पहले ही खत्म हुई जिंदगी
प्राथमिक विद्यालय के पीछे झाड़ियों में मिला शव, हत्या की आशंका से गाँव में आक्रोश


न्यूज़ विज़न। बक्सर
जिले के चक्की थाना क्षेत्र अंतर्गत चुनी डेरा गाँव में शनिवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब 18 वर्षीय युवती का शव बोरी में बंद अवस्था में बरामद किया गया। मृतका की पहचान सुनीता कुमारी के रूप में हुई है। वह बरमेश्वर यादव की पुत्री थी, जो आसनसोल (पश्चिम बंगाल) में रहकर दूध व्यवसाय का कार्य करते हैं।
परिजनों के अनुसार, बीते सोमवार की शाम से ही सुनीता घर से लापता थी। पीड़ित परिवार का आरोप है कि अपराधियों द्वारा युवती का अपहरण कर लिया गया था। काफी खोजबीन के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिला। घटना के चार दिन बाद शनिवार को गाँव के ही प्राथमिक विद्यालय के पीछे खर-पतवार के बीच बोरी में बंद शव पाया गया। बताया जाता है कि शव से दुर्गंध आने के बाद विद्यालय के शिक्षकों की नजर उस पर पड़ी। संदेह होने पर बोरी की जांच की गई, जिसके बाद पुलिस को तत्काल सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही डुमराँव डीएसपी पोलस्त कुमार के नेतृत्व में भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुँचा। प्रथम दृष्टया मामला जला कर हत्या किए जाने का प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की छानबीन शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों ने बताया कि मृतका की शादी भी तय हो चुकी थी। वह तीन बहनों और एक भाई में सबसे छोटी थी। घटना से पूरे गाँव में शोक और आक्रोश का माहौल है। परिजन दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। मामले में सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।





