11535 हाउस होल्डरों ने जमा किए 7.46 करोड़ रुपए संपत्ति कर
31 मार्च को नगर परिषद कार्यालय में टैक्स जमा करने के लिए देर रात तक लगी रही लोगों की भीड़


न्यूज विजन। बक्सर
नगर परिषद ने शहरवासियों को राहत देते हुए होल्डिंग टैक्स जमा करने के लिए विशेष व्यवस्था की है। परिषद द्वारा 31 मार्च तक बिना किसी ब्याज और जुर्माना के होल्डिंग टैक्स वसूला जा रहा है। इस व्यवस्था का शहरवासियों ने जमकर लाभ उठाएं। नगर परिषद में टैक्स वसूली को लेकर कार्यरत एजेंसी के अधिकारी पवन कुमार ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में कुल 11 हजार 5 सौ 35 हाउस होल्डर्स के द्वारा 7.46 करोड़ रुपए संपत्ति कर जमा किया गया।
नगर परिषद के ईओ कुमार ऋत्विक ने बताया कि मार्च माह में होल्डिंग टैक्स की रिकार्ड वसूली हुई है। उन्होंने बताया मार्च में कुल 2.80 करोड़ रुपए की टैक्स वसूली हुई है। वहीं मार्च माह के अंतिम सप्ताह में होल्डिंग टैक्स जमा करने के लिए मानों हाउस होल्डरों की भीड़ आ गई हो। टैक्स जमा करने के लिए उमड़ी भीड़ को देखते हुए नगर परिषद कार्यालय में छह काउंटर खोले गए थे। सभी काउंटर पर लोगों की लंबी कतार लगी हुई थी। भीड़ के आगे छह काउंटर भी कम पड़ गये।
एकमुश्त होल्डिंग टैक्स जमा करने पर ब्याज और जुर्माना पर दी गई छूट का असर 31 मार्च को दिखा। नगर परिषद कार्यालय में रात नौ बजे तक टैक्स जमा करने वालों की भीड़ लगी रही। एजेंसी के अधिकारी पवन कुमार ने बताया कि भीड़ होने के बावजूद टैक्स जमा करने का काम शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराया गया।





