शैक्षणिक भ्रमण पर निकले 100 छात्र-छात्राएं, ऐतिहासिक व धार्मिक स्थलों से लेंगे ज्ञान
मध्य विद्यालय जासो एवं कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय के विद्यार्थियों को जनप्रतिनिधियों ने दिखाई हरी झंडी, रोहतास के प्रमुख स्थलों का करेंगे भ्रमण


न्यूज़ विज़न। बक्सर
शुक्रवार को सदर प्रखंड अंतर्गत मध्य विद्यालय जासो एवं कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय के लगभग 100 छात्र-छात्राओं को शैक्षणिक भ्रमण के लिए रवाना किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के अध्यक्ष सह वार्ड पार्षद स. 42 सीमा देवी, सत्येंद्र पाठक, राम मूर्ति राम, हीरा जी प्रसाद, सुरेन्द्र पासवान एवं पारस नाथ यादव ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर बच्चों को उत्साहपूर्वक विदा किया।
यह शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों के ज्ञानवर्धन एवं व्यवहारिक शिक्षा को ध्यान में रखते हुए आयोजित किया गया है। भ्रमण के दौरान छात्र-छात्राएं रोहतास जिला अंतर्गत ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व के प्रसिद्ध स्थलों जैसे शेरशाह का मकबरा, तुतला भवानी, ताराचंडी मंदिर एवं पायलट बाबा आश्रम का दौरा करेंगे। इन स्थलों पर वे इतिहास, संस्कृति एवं धार्मिक परंपराओं से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त करेंगे। विद्यालय के प्रधानाध्यापक राधेश्याम साहू, वार्डेन ज्योति मिश्रा सहित अन्य शिक्षक भी इस भ्रमण में विद्यार्थियों के साथ गए हैं, जो उन्हें विभिन्न स्थलों के बारे में मार्गदर्शन देंगे तथा उनकी सुरक्षा एवं व्यवस्था का ध्यान रखेंगे।
इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं शिक्षकों ने कहा कि इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण से बच्चों में नई चीजों को जानने-समझने की जिज्ञासा बढ़ती है और उनका समग्र विकास होता है। विद्यार्थियों में भी इस भ्रमण को लेकर खासा उत्साह देखा गया। यह पहल विद्यार्थियों के लिए एक यादगार और ज्ञानवर्धक अनुभव साबित होने की उम्मीद है।





