सरकार की योजनाओं का लाभ उठाएं किसान: संतोष निराला


न्यूज विजन। बक्सर
कृषि विज्ञान केन्द्र, बक्सर की ओर से मंगलवार को राष्ट्रीय किसान दिवस पर रबी किसान गोष्ठी का आयोजन किया गया। किसानों के बीच रबी फसल उत्पादन की तकनीकियों पर ज्ञानवर्द्धन तथा कृषि व संबंद्ध क्षेत्रों के लिए सरकार द्वारा चलाई जा रही कृषक कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। रबी किसान गोष्ठी का शुभारंभ मुख्य अतिथि राजपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक संतोष कुमार निराला तथा कृषि विज्ञान केन्द्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक सह प्रमुख डॉ देवकरन ने संयुक्त रूप से द्वीप प्रज्ज्वलित कर किया।
आगंतुक किसानों एवं अतिथियों का स्वागत करते हुए डॉ देवकरन ने जैविक और प्राकृतिक खेती को अपनाकर मृदा एवं जल संरक्षण को बढ़ावा देने की बात कहीं। रबी मौसम की फसलों में पोषक तत्व प्रबंधन की मात्रा की जानकारी देते हुए मृदा परीक्षण व परिणाम आधारित अनुसंशित उवर्रक प्रयोग पर बल दिया। राजपुर विधायक संतोष कुमार निराला ने खेती एवं किसानों के लिए बिजली, पानी, उत्तम बीज, उवर्रक, आदि सुविधाएं व सेवाओं से ज्यादा से ज्यादा किसानों को लाभांवित करने की बात कही। साथ ही सरकार द्वारा संचालित योजनाओं के प्रति जागरूक होकर किसानों को अपनाने पर बल दिया। उपस्थित जनप्रतिनिधि अशोक कुमार सिंह, अरूण कुमार सिंह, संजय सिंह, विवेक कुमार ने अपने विचार साझा किये। तकनीकी सत्र मे विशेषज्ञ हरिगोबिन्द ने चना, गेंहूं, सरसों आदि रबी मौसम की मुख्य फसलों के उत्पादन की समसामयिकी तकनीकी जानकारी से किसानों को अवगत कराया। जिला उद्यान पदाधिकारी किरण भारती ने उद्यान विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की विस्तृत जानकारी किसानों के साथ साझा की।
केन्द्रीय कृषि मंत्री, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा किसान दिवस के अवसर पर राजस्थान से आयोजित किसान सम्मान कार्यक्रम का जीवंत प्रसारण किया गया। किसानों के लिए दिये संदेश एवं विकसित भारत-रोजगार एवं आजीविका गारंटी मिशन (ग्रामीण) विधेयक पर किसानों दी गई जानकारी से लाभांवित हुए। किसान गोष्ठी में जी-राम-जी विधेयक से किसानों को होनेवाले लाभ जैसे जल से संबंधित कार्यो के माध्यम से जल सुरक्षा, कोर ग्रामीण अवसंरचना, आजीविका अवसंरचना, मौसमी घटनाओं के प्रभाव को कम करने हेतु विशेष कार्य आदि पर नाटक मंचन द्वारा प्रस्तुति करते हुए किसानों को जागरूक किया गया।
कृषि एवं संबंद्ध क्षेत्रों मे उत्कृष्ट कार्य कर रहे जिले के प्रगतिशील किसान सीता देवी, बिनोद कुमार सिंह, अनुज कुमार, त्रिलोकी राम, विनय कुमार मिश्रा, चन्द्रभुषण राय, जयप्रकाश सिंह, मुकेश कुमार सिंह, अखिलेश्वर उपाध्याय एवं अंकित कुमार को किसान गोष्ठी के माध्यम प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। रबी किसान गोष्ठी में शामिल हुए। कार्यक्रम में राजकुमार राय, धमेन्द्र शाह, सोनालाल, सुकुल राम, अजय यादव, राजेश गुप्ता, अभिमन्यु समेत ढ़ाई सौ से अधिक महिला-पुरुष किसान शामिल हुए।





