सफाई अभियान, पौधारोपण, सम्मान समारोह आयोजित कर नप ने मनाया पर्यावरण दिवस
गंगा सफाई के लिए सौरव तिवारी, पर्यावरण बचाओ के लिए बिपिन कुमार और स्वच्छता सर्वेक्षण के श्रवण तिवारी हुए सम्मानित




न्यूज विजन |बक्सर
विश्व पर्यावरण दिवस पर सोमवार को नगर परिषद की ओर से सुबह 7 बजे से लेकर शाम चार बजे तक कार्यक्रमों का मैराथन दौर चला। सुबह 7 बजे नगर परिषद के अधिकारी व कर्मी नाथ बाबा घाट स्थित पार्क में पहुंचे। पार्क की सफाई के लिए मुख्य पार्षद कमरून निशा और ईओ प्रेम स्वरूपम ने खुद झाड़ू चलाया। अन्य कर्मी व अधिकारियों ने भी एक घंटे तक पार्क की सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया। मौके पर जल संरक्षण पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। मुख्य पार्षद कमरून निशा ने कहा कि भूगर्भ जल स्तर लगातार गिर रहा है, जो चिंता का विषय है। वहीं ईओ प्रेम स्वरूपम ने कहा कि रेन वाटर हार्वेस्टिंग को अपनाकर भूगर्भ जल स्तर को हद तक संतुलित किया जा सकता है। मुख्य पार्षद प्रतिनिधि नियमतुल्लाह फरीदी ने कहा कि गंगा नदी और तालाबों में नालों का सीधा प्रवाह को रोकने के उपाय किए जाएंगे, ताकि जल प्रदूषित नहीं हो। पर्यावरण को संरक्षित तभी होगा जब हम खुद जागरूक होंगे।









नप कार्यालय के सभागार में पर्यावरण संबंधित गोष्ठी का आयोजन किया गया है। जिसमें सशक्त स्थाई समिति के सदस्य इंद्र प्रताप सिंह ने कार्यालय में पानी के लिए प्लास्टिक बोतल की जगह अन्य विकल्पों को अपनाने का आग्रह किया। मौके पर स्वच्छता सर्वेक्षण के ब्रांड एम्बेसडर श्रवण तिवारी व गंगा सफाई के लिए सौरभ तिवारी को सम्मानित किया गया। वहीं पार्षदों का सम्मान भी पौधा देकर किया गया। इसका मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना है। वहीं पर्यावरण के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने वाले शिक्षक विपिन कुमार के अलावा पार्षदगण को भी पौधा देकर सम्मानित किया गया। वहीं सफाई के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने वाले कर्मियों एवं रिटायर्ड कर्मियों को माल्यार्पण अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में सिटी मैनेजर मृत्युंजय कुमार, प्रधान सहायक यशवंत सिंह, सहायक कर दरोगा नरसिंह चौबे, संतोष कुमार सिंह, संतोष कुमार केसरी, आशुतोष कुमार सिंह, नवीन पांडेय, विजय चौरसिया, सिटी मिशन मैनेजर मनोज केसरी, संतोष राय, मो वाहिद अहमद समेत अन्य कर्मी मौजूद थे।




