संगराव गांव में जमीनी विवाद को लेकर गरजी बंदूकें, दोनों पक्ष से एक दर्जन लोगों पर एफआईआर
पुलिस ने घटनास्थल से तीन खोखा एक जिंदा कारतूस किया बरामद




न्यूज़ विज़न। बक्सर
जिले के राजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत संगराव गांव में जमीनी विवाद को लेकर दो पक्ष में हुई गोलीबारी के मामले में दोनों पक्ष से एक दर्जन लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है।








घटना के संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार राजपुर थाना क्षेत्र के संगराव गांव के ही मनोज पांडेय एवं कमलेश पांडेय के बीच पूर्व से ही किसी जमीन के मामले को लेकर विवाद चल रहा है। इस विवाद में पिछले कई महीनों से दोनों पक्षों के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई थी. बीच-बीच में कई बार आमने सामने आ गए थे। फिर भी मामला शांत नहीं हुआ। रविवार की शाम इन दोनों पक्षों के बीच पहले कहा सुनी हुई.बात ही बात में बात इतनी काफी आगे बढ़ गई की अपने वर्चस्व को लेकर इन दोनों पक्षों के बीच हवाई फायरिंग होने लगी। जिस घटना में दोनों तरफ से लगभग आधा दर्जन से अधिक फायरिंग हुई। गोली की तड़तड़ाहट से गांव में अफरा तफरी का माहौल बन गया। लोग अपने-अपने घरों में भागने लगे। हालांकि की संयोग अच्छा रहा की इस घटना में किसी को गोली नहीं लगी। ग्रामीणों ने इसकी सूचना राजपुर पुलिस को दी। सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल से तीन खोखा एवं एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। थाना अध्यक्ष संतोष कुमार ने बताया कि इस मामले में एक पक्ष के चंद्र प्रकाश पांडेय एवं दूसरे पक्ष के चमेली देवी पति स्वर्गीय विनोद पांडेय के द्वारा लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। जिसमें दोनों पक्ष से लगभग 12 लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है। सभी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। शीघ्र ही आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।




