शिक्षा व स्वास्थ्य के प्रति जिले के लोगो को जागरूक करना मुख्य उद्देश्य : डॉ राजेश
भारत भविष्य निर्माण के तहत प्रत्येक रविवार को गांव गांव जाकर लोगो को कर रहे है जागरूक




न्यूज विजन | बक्सर
डॉ राजेश मिश्रा ने डॉ विधानचंद्र राय का स्मरण करते हुए कहा कि वे एक ग्रेट फिजिशियन थे। उनके जन्मदिन पर ही अंतर्राष्ट्रीय डॉक्टर्स डे मनाया जाता है। चिकित्सा जगत में यह एक ऐसा नाम है जिसे भुलाया नहीं जा सकता। उन्हें देश के सर्वोच्च पुरस्कार भारत रत्न से नावाजा गया है। डॉ मिश्रा ने कहा कि ना तो मैं नाम कमाने आया हूं और ना ही अपने अस्पताल को चमकाने। अपना एक मात्र उद्देश्य है लोगों को शिक्षा और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना। इसके लिए हर रविवार को किसी न किसी गांव में जाकर कार्य किया जाता है। समाज को आगे तभी बढ़ेगा जब लोग शिक्षा और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक होंगे। डॉ मिश्रा शनिवार को डॉक्टर्स डे पर आयोजित प्रेसवार्ता में बोल रहे थे।
उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय डॉक्टर्स डे पर बड़ा ऐलान किया। कहा कि गांव-गांव शिक्षा पहुंचाने के लिए एक प्रयास किया जा रहा है। रिटायर्ड शिक्षक, युवा जो बच्चों को पढ़ाने के इच्छुक हैं उन्हें जोड़ा जाएगा। इसके लिए उस शिक्षक या युवा को अपने अस्पताल में आजीवन नि:शुल्क स्वास्थ्य सुविधा दी जाएगी। कहा कि स्वास्थ्य और शिक्षा साथ-साथ चलेगी तो समाज का विकास होगा। उन्होंने कहा कि सभी सरकारी व निजी विद्यालयों में एक-एक फर्स्ट एड बॉक्स दिया जाएगा। वहीं युवा भविष्य मिशन के तहत हर पंचायत में स्थल की व्यवस्था कर एक क्लब खोला जाएगा। क्लब में बल्ला, बॉल, फुटबॉल, कैरम, शतरंज, लूडो आदि खेल सामग्री की व्यवस्था की जाएगी। ताकि गांव के बच्चे और युवा खेले और खेल क्षेत्र में अपना नाम रौशन करे। उन्होंने कहा कि अपने इस प्रयास को लोग सराह रहे हैं। प्रबुद्धजन इस विजन को और आगे ले जाने की भी बात कह रहे हैं। उनसे जब पूछा गया कि क्या आप आने वाले समय में राजनीति में आएंगे। इस पर उन्होंने कहा कि इसमें बुराई ही क्या है। इस क्षेत्र में आम जनता की डिमांड होगी तो आ सकते हैं। मौके पर रोहित कुमार व अस्पताल के स्टॉफ मौजूद थे।

