OTHERS

रिहायशी इलाके में कबाड़ी दुकान पर आपत्ति, नगर परिषद प्रशासन से कार्रवाई की मांग

श्री कृष्ण नगर कालोनी में संचालित कबाड़ी की दुकान के खिलाफ स्थानीय निवासी ने नगर परिषद कार्यालय में दिया आवेदन

न्यूज विजन। बक्सर

नगर परिषद क्षेत्र अंतर्गत श्री कृष्ण नगर कॉलोनी के मध्य में कबाड़ी दुकान संचालन से स्थानीय लोगों की परेशानी बढ़ गई है। कॉलोनी निवासी रिंकू चौबे ने इस संबंध में नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी को आवेदन देकर मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की है।आवेदन में कहा है कि रिहायशी इलाके में कबाड़ी दुकान के संचालन से आसपास के वातावरण पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है। कबाड़ की खरीद-बिक्री और आवाजाही के दौरान धूल-मिट्टी उड़ती है, जिससे आसपास के घरों में रहने वाले लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इसके साथ ही दुकान पर होने वाले शोर-शराबे से भी लोगों की शांति भंग हो रही है।

 

 

 

आवेदन में यह भी बताया गया है कि दुकान के आसपास कबाड़ और कचरा जमा रहने से गंदगी फैल रही है, जिससे प्रदूषण की समस्या बढ़ रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इससे कॉलोनी के निवासियों के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल असर पड़ सकता है। रिंकू चौबे ने अपने आवेदन में कहा है कि इस प्रकार की व्यावसायिक गतिविधियों को सामान्यतः अधिकृत वाणिज्यिक क्षेत्रों में ही संचालित किया जाना चाहिए। रिहायशी इलाकों में किसी भी व्यवसाय के संचालन के लिए नगर परिषद से आवश्यक अनुमति और लाइसेंस होना जरूरी होता है।

 

 

 

आवेदन में नगर में पहले हुई एक घटना का भी जिक्र किया गया है। बताया गया है कि कुछ वर्ष पहले ज्योति प्रकाश चौक के पास स्थित एक कबाड़ी दुकान में आग लगने से आसपास के घरों और संपत्तियों को नुकसान पहुंचा था। ऐसे में रिहायशी इलाके में इस प्रकार का व्यवसाय चलना लोगों के लिए चिंता का विषय बना हुआ है।

 

 

 

इसी को देखते हुए आवेदक ने नगर परिषद प्रशासन से मांग की है कि संबंधित दुकान की जांच कर यह सुनिश्चित किया जाए कि वह आवश्यक नियमों और लाइसेंस के तहत संचालित हो रही है या नहीं। यदि कोई अनियमितता पाई जाती है तो उसके खिलाफ उचित कार्रवाई की जाए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button