OTHERS

राज्यसभा में गूंजा बक्सर के तीर्थों का मुद्दा, अधिवक्ता संघ में उत्साह

मनन कुमार मिश्रा ने समग्र विकास की उठाई मांग, धार्मिक पर्यटन से रोजगार सृजन पर जोर

न्यूज़ विज़न।  बक्सर
बक्सर के ऐतिहासिक और पौराणिक तीर्थ स्थलों के समग्र विकास का मुद्दा राज्यसभा में उठाए जाने के बाद जिला अधिवक्ता संघ में उत्साह का माहौल है। राज्यसभा सांसद सह बार काउन्सिल ऑफ इंडिया के अध्यक्ष मनन कुमार मिश्रा द्वारा सदन में बक्सर के विकास की मांग किए जाने पर अधिवक्ताओं ने इसे जिले के लिए सकारात्मक और दूरगामी पहल बताया है।

 

जिला अधिवक्ता संघ के महासचिव बिंदेश्वरी पांडेय ने कहा कि बक्सर के रामरेखा घाट से लेकर सिद्धाश्रम तक धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहरों का अपार महत्व है। यदि केंद्र और राज्य सरकार समन्वय बनाकर आधारभूत संरचना, सड़क, प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता और पर्यटन सुविधाओं का विकास करे तो बक्सर देश के प्रमुख तीर्थ स्थलों की श्रेणी में शामिल हो सकता है। वरिष्ठ अधिवक्ता रामेश्वर प्रसाद वर्मा ने कहा कि तीर्थ क्षेत्र के विकास से न केवल धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे। अधिवक्ताओं ने उम्मीद जताई कि संसद में मुद्दा उठने के बाद सरकार इस दिशा में ठोस पहल करेगी, जिससे बक्सर की धार्मिक, सांस्कृतिक और आर्थिक पहचान को नई मजबूती मिलेगी।

 

प्रमुख स्थलों का उल्लेख कर सरकार से पूछे सवाल
अपने संबोधन में सांसद मनन मिश्रा ने रामेश्वर मंदिर, वामन अवतार स्थल, नाथ बाबा मंदिर तथा रामेश्वर स्थान मंदिर सहित कई प्रमुख स्थलों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि धार्मिक ग्रंथों और ऐतिहासिक स्रोतों में वर्णित ये स्थल देश के प्रमुख तीर्थों की तरह विकसित किए जाने की क्षमता रखते हैं। सांसद ने तुलना करते हुए कहा कि जिस प्रकार अयोध्या, काशी, उज्जैन और द्वारिका का धार्मिक पर्यटन के रूप में व्यापक विकास हुआ है, उसी तरह बक्सर को भी विकसित किया जा सकता है। उन्होंने केंद्र सरकार से यह भी पूछा कि बक्सर में पर्यटन आधारित विकास, सड़क एवं परिवहन व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुविधाएं, रोजगार सृजन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने को लेकर कौन-कौन सी योजनाएं प्रस्तावित या संचालित हैं।

 

अधिवक्ताओं ने दी बधाई
बक्सर का मुद्दा राज्यसभा में उठाए जाने पर अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष बबन ओझा सहित रामकृष्ण चौबे, तारकेश्वर मिश्रा, विनोद मिश्रा, पवन कुमार राय, दयासागर पांडेय, राघव पांडेय, राहुल आनंद, लाला ओझा, रवि सिन्हा, उमेश सिंह, शिवजी राय और संजय मिश्रा समेत कई अधिवक्ताओं ने सांसद मनन मिश्रा को बधाई दी और इसे जिले के सर्वांगीण विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button