पीएम स्वनिधि योजना: स्ट्रीट वेंडर्स को केंद्र सरकार की आठ योजनाओं का मिलेगा लाभ
लोन के लिए इच्छुक स्ट्रीट वेंडर्स नगर परिषद कार्यालय में आकर आवेदन दे सकते हैं


न्यूज विजन। बक्सर
स्ट्रीट वेंडरों के लिए अच्छी खबर है। पीएम स्वनिधि योजना के तहत स्ट्रीट वेंडर्स को बिना गारंटी के लोन समेत भारत सरकार की आठ योजनाओं का लाभ मिलेगा। इसके लिए नगर परिषद कार्यालय में प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। नगर परिषद में कार्यरत सिटी मिशन मैनेजर कुमार अविनाश ने बताया कि केंद्र सरकार की ओर से संचालित पीएम स्वनिधि योजना का लाभ उठाने के बाद स्वनिधि से समृद्धि योजना के तहत फुटकर विक्रेता अपने और अपने परिवार को भारत सरकार की आठ योजनाओं से जोड़ सकते हैं। इन आठ योजनाआें में प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जन धन योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, बीओसीडब्ल्यू के तहत पंजीकरण, प्रधानमंत्री श्रम योगी मंधन योजना, वन नेशन वन राशन कार्ड योजना, जननी सुरक्षा योजना एवं पीएम मातृ वंदना योजना शामिल है।
सीएमएम कुमार अविनाश ने बताया कि केंद्र सरकार की ओर से संचालित पीएम स्वनिधि योजना अति महत्वपूर्ण है। इस योजना में नगर परिषद क्षेत्र के फुटकर विक्रेताओं के जीविकोपार्जन को बढ़ावा देने के लिए लोन देने का प्रावधान है। प्रथम चरण में लोन की राशि 15 हजार रुपये एक वर्ष के लिए, द्वितीय चरण में 25 हजार रुपये की राशि डेढ़ वर्ष के लिए और तृतीय चरण में 50 हजार रुपये की राशि तीन साल के लिए कार्यशील पूंजी बैंकों के माध्यम से बिना गारंटी प्रदान किया जा रहा है।
सीएमएम कुमार अविनाश ने बताया कि नगर परिषद बक्सर में अब तक कुल 1975 फुटकर विक्रेताओं के द्वारा अलग-अलग बैंकों मे आवेदन किया गया है, जिसमे 1334 आवेदनों कों स्वीकृत एवं 1298 आवेदन को बैंकों से संवितरण किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि फूटकर विक्रेता जैसे सब्जी, फल, अंडा, घूम-घूम कर ठेला पर बेचने वाले, फेरी वाले आदि को रोजगार रोजगार बढ़ाने के लिए प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना अंतर्गत बैंको के माध्यम से ऋण का लाभ दिलाया जा रहा है।
भारत सरकार के द्वारा पीएम स्वनिधि योजना का लाभ उठाने के बाद फुटकर विक्रेता “स्वनिधि से समृद्धि” योजना के तहत अपने और अपने परिवार को भारत सरकार की आठ योजनाओं से जोड़ सकते हैं। इसके लिए सभी फुटकर विक्रेताओं को नगर कार्यालय मे जा कर अपना प्रॉफिलिंग कराना होगा, उसके उपरांत ही संबंधित 8 योजना का लाभ दिलाया जायेगा। सीएमएम कुमार अविनाश ने बताया कि अब तक कुल 971 योग्य फुटकर विक्रेताओं मे से 798 विक्रेताओं का प्रॉफिलिंग नगर कार्यालय में संबंधित कर्मियों के द्वारा किया जा चुका है। जिन फुटकर विक्रेताओं का प्रॉफिलिंग अब तक नही हो पाया है वह नगर कार्यालय में अपना आधार, परिवार का आधार एवं मोबाइल नंबर लाकर अपना प्रॉफिलिंग करवा सकते हैं।
सीएमएम कुमार अविनाश ने बताया कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत नगर परिषद कार्यालय में नये आवेदन कार्य दिवस में लिए जा रहे हैं। बिना किसी गारंटी के लोन प्राप्त करने के लिए शहरी फुटकर विक्रेताओं अपना आधार, बैंक खाता, मोबाइल नंबर एवं यूपीआई आईडी के साथ नगर परिषद कार्यालय में आकर ऋण के लिए आवेदन दे सकते हैं।





