राजपुर विधानसभा क्षेत्र में जदयू के राष्ट्रीय महासचिव मनीष वर्मा के साथ संतोष निराला का जनसंपर्क अभियान
विकास को लेकर मांगा जनता का आशीर्वाद



न्यूज़ विज़न। बक्सर
गुरुवार को बिहार सरकार के पूर्व मंत्री एवं राजपुर विधानसभा क्षेत्र के एनडीए समर्थित जदयू उम्मीदवार संतोष कुमार निराला ने डुमरांव प्रखंड के कोरान सराय, कसिया और अटाव गांवों में जनसंपर्क अभियान चलाया। इस दौरान क्षेत्र की जनता से उन्होंने अपील की कि विकास की निरंतर धारा को बनाए रखने के लिए एक बार फिर उन्हें सेवा का अवसर दें।








जनसंपर्क अभियान के दौरान संतोष निराला के साथ जदयू के राष्ट्रीय महासचिव मनीष वर्मा भी मौजूद रहे। दोनों नेताओं ने स्थानीय लोगों से मुलाकात कर राज्य सरकार द्वारा संचालित विकास योजनाओं की जानकारी दी और एनडीए सरकार के जनकल्याणकारी कार्यों को गिनाया। संतोष निराला ने कहा कि राजपुर विधानसभा क्षेत्र में हमने हमेशा विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और रोजगार के क्षेत्र में कार्य किया है। जनता का स्नेह और विश्वास हमें निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। अब हमारा लक्ष्य है कि हर गांव, हर परिवार तक विकास की किरण पहुंचे।




उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार ने जिस गति से प्रगति की है, उसी मिशन को आगे बढ़ाने के लिए एनडीए उम्मीदवारों को जनता का भरपूर समर्थन मिलना आवश्यक है। जनसंपर्क के दौरान क्षेत्र की जनता ने उनका जोरदार स्वागत किया और फूल-मालाओं से उनका अभिनंदन किया। कई जगहों पर लोगों ने निराला से अपने स्थानीय मुद्दों को साझा किया, जिनके समाधान का उन्होंने आश्वासन दिया।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से संजय सिंह, दिनानाथ ठाकुर, विश्वामित्र सिंह, बबन चौधरी, विजय कुशवाहा, दीप नारायण प्रसाद, विवेक प्रजापति, सुरेंद्र शाह, अमित कुशवाहा, रोहित ओझा, विनोद यादव, इंदल कुमार सिंह, धर्मेंद्र पांडेय, दयाशंकर तिवारी, जयराम यादव, प्रमोद राम, संतोष दुबे समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। पूरे जनसंपर्क अभियान के दौरान लोगों में काफी उत्साह देखा गया और “संतोष निराला जिंदाबाद” के नारों से क्षेत्र गूंज उठा।

