राजपुर में भीषण सड़क हादसा: दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर, एक युवक की मौत, तीन गंभीर
तेज रफ्तार और ओवरटेक बना हादसे की वजह, पिकअप से बचने के प्रयास में हुआ आमना-सामना, राहगीर ने दिखाई इंसानियत


न्यूज विज़न। बक्सर
राजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत चौसा–कोचस मुख्य मार्ग पर मकोरियाडीह गांव के समीप सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार दो बाइकों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें एक युवक की अस्पताल पहुंचते ही मौत हो गई। इस हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और सड़क पर कुछ देर के लिए यातायात भी बाधित रहा।
मृतक की पहचान धनसोई थाना क्षेत्र के मानिकपुर गांव निवासी 30 वर्षीय प्रवीण पांडेय, पिता चंद्रभूषण पांडेय के रूप में की गई है। वहीं, घायलों में मानिकपुर गांव के ही 26 वर्षीय नीरज पांडेय (पिता–स्व. झरोरा पांडेय), 45 वर्षीय विनीत उर्फ छोटू पांडेय (पिता–हृदयशंकर पांडेय) तथा मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कृतपुरा गांव निवासी 24 वर्षीय गोलू कुमार (पिता–भोला साह) शामिल हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मानिकपुर गांव निवासी प्रवीण पांडेय अपने दोस्तों के साथ एक ही बाइक पर सवार होकर बक्सर की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे मकोरियाडीह गांव के पास पहुंचे, बगल से गुजर रही एक पिकअप वाहन से बचने के लिए उन्होंने ओवरटेक करने का प्रयास किया। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही दूसरी बाइक से उनकी आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए और उन पर सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास से गुजर रहे लोगों की भीड़ जमा हो गई। इसी बीच उत्तर प्रदेश के भावर कोल थाना क्षेत्र के खड़िया गांव निवासी आसू राय ने मानवता का परिचय देते हुए तुरंत एक ऑटो रोककर सभी घायलों को उसमें बैठाया और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) राजपुर पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल बक्सर रेफर कर दिया गया, जहां इलाज के दौरान प्रवीण पांडेय ने दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही राजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त दोनों बाइकों को कब्जे में लेकर थाने ले आई। थाना अध्यक्ष निवास कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और दुर्घटना के कारणों की पड़ताल की जा रही है।
इधर, हादसे की खबर मिलते ही मृतक और घायलों के परिजनों में कोहराम मच गया। अस्पताल परिसर में परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरनाक परिणामों की याद दिलाता है।





