राजद के पूर्व मंत्री छेदीलाल राम हथियार व कारतूस के साथ गिरफ्तार, विवादित जमीन पर पहुंचे थे कब्ज़ा दिलाने




न्यूज़ विज़न। बक्सर
जिले के राजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत देवढिया पंचायत के सैंथू बसंतपुर मौजा के पास से राजपुर पुलिस ने रविवार को सूबे में राजद सरकार में मंत्री रहे छेदीलाल राम एवं देवढिया के पूर्व मुखिया पति संजय राम समेत पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। जिनके पास से दो लाइसेंसी हथियार 57 जिंदा कारतूस एक खोखा एवं एक स्कार्पियो गाड़ी भी बरामद किया गया है। यह लाइसेंसी हथियार पूर्व मंत्री छेदीलाल राम के नाम से है।







इस संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार सैंथू गांव निवासी गणेश चौबे एवं अंबुज उर्फ हजारी चौबे के बीच जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। इसी विवादित जमीन पर खेती करने के लिए लोग पंचायती के लिए जुटे हुए थे। दोनों पक्षों के तरफ से काफी देर तक बहस हुआ। इसी बीच किसी ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस को देख यह सभी भागने लगे। तभी पुलिस ने खदेड़कर इन सभी को हिरासत में लिया। इस मामले में इनलोगों से एसडीपीओ धीरज कुमार ने घंटो पूछताछ की.इसके बाद इन्हें कानूनी कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया गया और जेल भेज दिया गया। इनकी गिरफ्तारी के बाद क्षेत्र में काफी चर्चा का विषय बना हुआ है। थाना अध्यक्ष संतोष कुमार ने बताया कि विवादित जमीन को लेकर जमावड़ा किया गया था। जिसकी सूचना मिलते ही यह कार्रवाई की गई है।


