OTHERS

मजदूर के बेटे अरुण रजक को राज्य में 10वां स्थान पाने पर युवा समाजसेवी रामजी सिंह ने घर पहुंचकर किया सम्मानित

महदह गांव के छात्र की मैट्रिक में सफलता पर मदद का भरोसा, आगे की पढ़ाई के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
बिहार बोर्ड परीक्षा में राज्य स्तर पर दसवां एवं बक्सर जिला में चौथा स्थान प्राप्त कर सदर प्रखंड के महदह गांव के अरुण रजक ने अपने परिवार और पूरे जिले का नाम रोशन किया है। अरुण एक बेहद साधारण परिवार से आते हैं। उनके पिता जयप्रकाश रजक मजदूरी कर गिट्टी-बालू ढोने का काम करते हैं, लेकिन आर्थिक तंगी के बावजूद उन्होंने अपने बेटे की पढ़ाई में कभी कमी नहीं आने दी।

 

अरुण की इस बड़ी सफलता पर युवा नेता सह समाजसेवी रामजी सिंह एवं हाई स्कूल महदह के शिक्षक (जो उनके क्लास टीचर भी हैं) उनके घर पहुंचकर उन्हें सम्मानित किया। इस अवसर पर रामजी सिंह ने अरुण और उनके पिता को आश्वस्त करते हुए कहा कि आगे की पढ़ाई के लिए यदि बक्सर शहर में कोचिंग या रहने की जरूरत होगी तो उसमें कोई परेशानी नहीं होने दी जाएगी। साथ ही उन्होंने आर्थिक सहयोग का भी भरोसा दिलाया। अरुण के पिता जयप्रकाश रजक ने भावुक होकर कहा कि वे अपने बेटे की सफलता से बेहद खुश हैं। उन्होंने कहा, “हमने पहले ही ठान लिया था कि हमारे बच्चे हमारी तरह मजदूरी न करें। हम खान-पान में कमी कर सकते हैं, लेकिन पढ़ाई में नहीं।” वहीं, महदह हाई स्कूल के शिक्षक और अरुण के क्लास टीचर ने बताया कि जब अरुण आठवीं के बाद उनके स्कूल में आया, तभी उन्होंने उसकी प्रतिभा को पहचान लिया था। उन्होंने लगातार उसका मार्गदर्शन किया और नियमित टेस्ट लेकर उसे बेहतर बनाने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि अरुण राज्य में प्रथम या द्वितीय स्थान भी प्राप्त कर सकता था, लेकिन गणित की परीक्षा में दो सवाल छूट जाने के कारण वह थोड़ा पीछे रह गया।

 

अरुण ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और स्कूल के शिक्षकों को दिया, खासकर विजय आनंद सर के सहयोग को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य एनडीए की तैयारी कर विंग कमांडर बनना है। अरुण की यह सफलता न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणादायक है, जो यह साबित करती है कि कठिन परिस्थितियों में भी मेहनत और लगन से बड़े लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं।

वीडियो देखें :

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button