ACCIDENT

बक्सर में भीषण सड़क हादसा: ट्रक की टक्कर से सास-बहू की मौत, एक साल की मासूम गंभीर

न्यूज विज़न। बक्सर
जिले के बक्सर-इटाढ़ी मुख्य मार्ग पर शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में सास-बहू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक वर्ष की मासूम बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार इटाढ़ी थाना क्षेत्र के जलवाली गांव निवासी भागवत पासवान के पुत्र मदन पासवान अपनी मां रेशमी देवी और भाभी प्रियंका देवी के साथ बाइक से बक्सर से अपने गांव लौट रहे थे। उनके साथ प्रियंका देवी की एक वर्ष की पुत्री लाडो भी थी।

 

बताया जाता है कि मुफस्सिल थाना क्षेत्र के लालगंज के समीप मदन पासवान सड़क किनारे बाइक खड़ी कर किसी से बात कर रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक (BR 44G 9688) ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मदन पासवान सड़क किनारे गिर गए, जबकि ट्रक बाइक पर चढ़ गई।

मौके पर ही सास-बहू की मौत
इस दर्दनाक हादसे में रेशमी देवी और प्रियंका देवी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं एक वर्ष की बच्ची लाडो गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल बच्ची को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया गया है।

ग्रामीणों का हंगामा और सड़क जाम
घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर आगजनी कर मार्ग को जाम कर दिया और ट्रक चालक के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज करने तथा पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग करने लगे।

पुलिस ने ट्रक जब्त कर चालक को लिया हिरासत में
सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को जब्त कर लिया। वहीं चालक विजय शंकर सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मौके पर मुफस्सिल थानाध्यक्ष शंभू भगत, गुमटी पोस्ट प्रभारी गुड्डू चौधरी के साथ इटाढ़ी थाना की पुलिस भी पहुंचकर लोगों को समझाने-बुझाने में जुटी रही।

वीडियो देखें 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button