बक्सर के छात्र को भोजपुर में अपराधियो ने मारी गोली, मौसेरे भाई के साथ मेला घूमने जा रहा था निखिल
आरा छपरा फोरलेन पर बबुरा पेट्रोल पंप के पास मारी गोली, दाहिने बाह में लगी, हालत स्थिर




न्यूज विजन । बक्सर
भोजपुर में बक्सर के स्नातक के छात्र को दशहरा का मेला देखने जाने के दौरान आरा-छपरा फोरलेन पर बड़हरा थाना क्षेत्र के बबुरा पेट्रोल पंप के समीप मंगलवार की रात बदमाशों द्वारा गोली मार दी गई।
प्राप्त जनकारी के अनुसार युवक को गोली उसके दाहिने हाथ में लगी है, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। जिसका इलाज शहर के महावीर टोला स्थित एक प्राइवेट हॉस्पिटल में कराया जा रहा है। जख्मी छात्र नगर थाना क्षेत्र के नई बाजार निवासी शिवाजी सिंह का 21 वर्षीय पुत्र निखिल कुमार है। वह स्नातक द्वितीय खंड का छात्र है। वही बदमाशों की संख्या दो बतायी जा रही है। दोनों बाइक पर सवार थे। सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की छानबीन में जुट गई है। हालांकि घटना का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं है। वैसे छिनतई के लिए गोली मारे जाने की आशंका जताई जा रही है।








जख्मी छात्र निखिल कुमार ने बताया कि मंगलवार को वह अपने मौसी के घर बड़हरा के बबुरा गांव आया था। रात में वह अपने मौसेरे भाई के साथ मेला घूमने बाइक से आरा आ रहा था। बबुरा पेट्रोल पंप के समीप पहुंचे। तभी पीछे से आ रहे बाइक सवार दो अपराधियों द्वारा उन्हें रोकने का इशारा किया गया। लेकिन डर के मारे उन्होंने बाइक नहीं रोकी। तभी बाइक पर पीछे बैठे अपराधी द्वारा उन पर फायरिंग कर दी गयी। उसमें उसे गोली लग गयी। उसके बाद दोनों अपराधी हथियार लहराते भाग निकले। पुलिस घटना के कारणों की छानबीन और अपराधियों की पहचान व धरपकड़ में जुटी है। वही निखिल का इलाज कर रहे ऑर्थो सर्जन चिकित्सक डा.सूर्यकांत निराला ने बताया कि युवक को गोली दाहिने हाथ में बांह में लगी थी, जो अंदर फांसी थी। गोली लगने के कारण उसका खून काफी बह गया था। हड्डी भी फ्रैक्चर कर गई थी। ऑपरेशन कर बुलेट को निकाल दिया गया है और उसके ब्लड को सिक्योर कर दिया गया है। मरीज की स्थिति बिल्कुल स्टेबल है।

