फिर एकबार बढ़ने लगा गंगा का जलस्तर, अभी चेतावनी बिंदु से 3.57 मीटर है फासला




न्यूज विजन। बक्सर
जिले में तेज प्रवाह के साथ गंगा नदी का जलस्तर स्थिर होने के बाद एक बार फिर बुधवार से बढ़ने लगा है। केंद्रीय जल आयोग से प्राप्त जानकारी के अनुसार सुबह 4 बजे से गंगा के जलस्तर में बढ़ोतरी शुरू हो गई। सुबह के आठ बजे गंगा का जलस्तर 55.70 मीटर दर्ज किया गया। उस समय 1 सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ोतरी दर्ज की जा रही थी। वहीं शाम को 4 बजे तक गंगा नदी के पानी का लेबल 55.75 मीटर पहुंच गया था। उस समय रफ्तार में थोड़ी कमी दर्ज की गई। दो घंटे पर 1 सेंटीमीटर पानी बढ़ रहा था।
केंद्रीय जल आयोग के कनीय अभियंता प्रशांत चौरसिया ने बताया कि मंगलवार को सुबह 4 बजे से गंगा का जलस्तर स्थिर हो गया था। बुधवार को सुबह 4 बजे से बुधवार को सुबह 4 बजे यानी 12 घंटे तक 55.66 मीटर पर लेबल स्थिर था। बता दें कि गंगा का जलस्तर सबसे अधिक 56.470 मीटर तक पहुंच गया था। बीते 27 जुलाई से गंगा का जलस्तर नीचे खिसकने लगा था। सीडब्ल्यूसी से मिली जानकारी के अनुसार 27 जुलाई से 31 अगस्त से प्रति दिन हर घंटे एक सेंटीमीटर की रफ्तार से गंगा नदी के पानी में गिरावट दर्ज की जा रही थी। वहीं 1 अगस्त को सुबह 4 बजे से गंगा का जलस्तर 55.66 मीटर पर स्थिर हो गया था। लेकिन, बुधवार को सुबह 4 बजे से एक बार फिर पानी बढ़ने लगा है। 12 घंटे में 9 सेंटीमीटर गंगा के जलस्तर में बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
हलांकि बक्सर में गंगा नदी का चेतावनी बिंदु 59.320 मीटर है और डेंजर लेबल 60.320 है। अभी गंगा का जलस्तर चेतावनी बिंदु से 3.57 मीटर दूर है। ऐसे में बाढ़ का खतरा जिले पर नहीं दिख रहा है, लेकिन पानी की बढ़ोतरी को देखते हुए बाढ़ की आशंका से इंकार भी नहीं किया जा सकता है। बाढ़ से गंगा के तटीय इलाके व दियारा क्षेत्र में काफी नुकसान होता है। वैसे जिला प्रशासन बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए तैयारी कर ली है। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में संबंधित अधिकारी नजर रख रहे हैं।

