फाग गायन, अबीर-गुलाल के साथ खूब जमा होली का रंग
नगर परिषद कार्यालय में होली मिलन समारोह का हुआ भव्य आयोजन


न्यूज विजन। बक्सर
नगर परिषद कार्यालय का परिसर होली के रंग में डूब गया था। दिन के करीब बारह बजे होली मिलन समारोह का भव्य आगाज हुआ। वार्ड पार्षद, अधिकारी, शहर के गणमान्य नागरिक और कर्मचारियों ने जमकर अबीर-गुलाल उड़ाएं। एक दूसरे को अबीर गुलाल लगा होली की शुभकामनाएं दी। नगर परिषद परिसर में ढोलक, झाल के साथ जासो गांव के कलाकारों ने पारंपरिक फाग गायन कर लोगों को झूमा दिया। वहीं भोजपुरी फिल्म के अभिनेता व गायक गोपाल राय ने पारंपरिक होली गीत गाकर लोगों को झूमने पर विवश कर दिया।
होली मिलन समारोह का उद्घाटन नगर परिषद की चेयरपर्सन कमरून निशा ने की। नप की चेयरपर्सन कमरून निशा ने सबसे पहले शहरवासियों को होली और रमजान की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि यह त्योहार सौहार्द का त्योहार है। इसमें बड़े-छोटे व हर तरह का भेदभाव मिट जाता है। उन्होंने कहा कि सभी लोग आपसी सौहार्द को बरकरार रखते हुए होली का त्योहार मनाएं। फाग गायन और अबीर-गुलाल के बीच लजीज व्यंजनों का भी लोगों ने जमकर आनंद उठाया। वहीं नगर परिषद के ईओ कुमार ऋत्विक ने भी नप के चेयरपर्सन, वार्ड पार्षद, सभी कर्मचारी, अधिकारी व शहर के नागरिकों का अभिनंदन करते हुए अबीर-गुलाल लगाया और होली की शुभकामना दी।
मौके पर सशक्त स्थाई समिति के सदस्य इंद्र प्रताप सिंह उर्फ बबन सिंह, राजू राय, दिलीप कुमार, गुड्डु कुमार, संजय उपाध्याय, पूर्व वार्ड पार्षद सह समाजसेवी राजेश यादव, मिथिलेश सिंह, अरविंद चौबे उर्फ पप्पु चौबे, चेयरमैन प्रतिनिधि नियमतुल्लाह फरीदी समेत अन्य पार्षदों के अलावा डॉ श्रवण तिवारी समेत शहर के अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे।





