CRIME

प्रेम प्रसंग में खून की होली! बक्सर के युवक को यूपी में चार गोलियों से भूना, हालत नाजुक

गंगा किनारे सुनसान रास्ते पर वारदात, शरीर में फंसी चारों गोलियां; हमलावरों की तलाश में पुलिस की ताबड़तोड़ छापेमारी

न्यूज विज़न। बक्सर
रविवार की रात करीब आठ बजे नरहीं थाना क्षेत्र के सोहांव गांव के सामने गंगा नदी जाने वाले रास्ते पर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब बक्सर निवासी 20 वर्षीय युवक आर्यन यादव को अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ चार गोलियां मार दीं। गोली लगते ही आर्यन गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा और मौके पर चीख-पुकार मच गई।

स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और गंभीर हालत में घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) नरहीं पहुंचाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया। डॉक्टर ब्रज कुमार के अनुसार, आर्यन यादव के शरीर में चार गोलियां लगी हैं—एक जांघ में, एक सीने में, एक अंडकोष (अंडे) के पास और एक पेट व पीठ के बीचोंबीच। चौंकाने वाली बात यह है कि चारों गोलियां शरीर के अंदर ही फंसी हुई हैं और कोई भी गोली बाहर नहीं निकली है, जिससे उसकी हालत बेहद गंभीर बनी हुई है।

घायल आर्यन ने होश में आने पर पुलिस को हमलावरों के नाम बताए हैं, जो बक्सर के जासो रोड इलाके के बताए जा रहे हैं। नरहीं थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक कृपाशंकर और सीओ राकेश कुमार सिंह के साथ चितबड़ागांव पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

इस खौफनाक वारदात के बाद सोहांव गांव समेत आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों के बीच इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं, वहीं पुलिस जल्द से जल्द आरोपियों को पकड़ने का दावा कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button