दो बाइकों की टक्कर में किशोर की मौत, गांव में मचा कोहराम




न्यूज़ विज़न। बक्सर
ओवरटेक कर निकलने के चक्कर में हुई दो बाइकों की आमने सामने की टक्कर में एक किशोर की मौत हो गयी जबकि अन्य घायल है। घटना जिले के राजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत श्रीकांतपुर कोनौली मुख्य पथ पर खीरी गांव के नजदीक हुई है।








घटना के संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार कोनौली गांव निवासी भरत राम का पुत्र नीतीश राम अपने मौसेरा भाई के साथ बाइक पर बैठकर खीरी गांव के बाजार से सामान लेने गया था। बीच रास्ते में ही एक ट्रैक्टर को ओवरटेक कर आगे निकलने का प्रयास किया। तभी विपरीत दिशा से आ रही एक बाइक से आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर होते ही यह बाइक से नीचे गिरकर बुरी तरह से जख्मी हो गया। वहीं बाइक चालक को मामूली चोट आई। घटना के बाद अफरा तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने पहुंच कर इसे तत्काल राजपुर सीएचसी में भर्ती कराया। जहां उपचार के दौरान नीतीश राम की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। गांव के ग्रामीणों ने बताया कि अभी महज एक दिन पहले ही इसके दादा का श्राद्ध कर्म था। इस श्राद्ध में कई गांव से इसके रिश्तेदार आए हुए थे। इन्हीं रिश्तेदारों की खातिरदारी के लिए वह बाजार से आवश्यक सामान लेने के लिए गया था। तब तक परिजनों में इस मनहूस खबर से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घटना के बाद गांव में भी मातमी सन्नाटा पसर गया है। सूचना के बाद अस्पताल में पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करने के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया है।




