CRIME

दिनदहाड़े केसठ में घर का ताला तोड़ लाखों का गहना ले उड़े चोर, दस दिन पूर्व भी गांव में हुयी थी चोरी 

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 

जिले के नवानगर थाना क्षेत्र अंतर्गत केसठ गांव में दिनदहाड़े चोरी की घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही है। गुरूवार की दोपहर चोरों ने एक बंद घर का ताला तोड़ करीब 20 लाख रूपए के गहने चुरा लिए है। घटना के वक्त गृह स्वामी तथा उसकी पत्नी घर में ताला बंद कर गांव में ही बने दूसरे घर पर चले गए थे। इसी दौरान मौका पा चोरों ने हाथ साफ कर दिया। ज्ञात हो की दस दिन पूर्व भी इस गांव में दिन दहाड़े चोरी हुई थी। दिन के उजाले में बढ़ी चोरी की घटनाओं से पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े होने लगे है।

 

 

मिली जानकारी के अनुसार पीड़ित अरविन्द यादव उर्फ नथुनी यादव की पत्नी कलावती देवी व परिवार के अन्य सदस्य गांव में निर्माणाधीन दूसरे घर पर गए हुए थे। इसी बीच कुछ अज्ञात चोरों ने उनके घर का ताला तोड़ चोरी कर लिए। चोरी की घटना की जानकारी पड़ोसियों ने पीड़ित को फोन पर दी। पड़ोसियों ने बताया कि उसके घर से अज्ञात लोगों को भागते हुए देखा गया। वही घर का मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ है। इस सूचना पर जब पीड़ित की पत्नी कलावती देवी घर पहुंची तो देखी कि घर में रखा उसका व उसके दो बहुओ के रूम, बक्सा व अलमीरा का ताला टूटा है तथा उसमें रखे गहने गायब है। पीड़ित की मानें तो चोरी गए गहने की कीमत करीब 20 लाख रूपए है। वही दिन दहाड़े हुए चोरी की वारदात से स्थानीय पुलिस में हड़कंप मचा हुआ है।

 

ग्रामीणों ने चोरी की घटना की सूचना सबसे पहले डायल 112 को दिया जिसके तुरंत बाद मौके पर पुलिस पहुंच गयी। जिसके कुछ देर बाद घटना स्थल पर नावानगर पुलिस भी घटना स्थल पहुंची और जांच कर लौट गई। वही ग्रामीणों ने कहा की क्षेत्र में लगातार चोरी की घटना में इजाफा होने के बावजूद स्थानीय प्रशासन अज्ञात चोरों पर प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान करने की बात कह अपना पल्ला झाड़ ले रही है। लेकिन, पुलिस को इन चोरों को पकड़ने में सफलता नहीं मिलती। वही चोरों की शिनाख्त नहीं होने से उनका मनोबल बढ़ता जा रहा है। जिसका नतीजा है कि रात के अंधेरे में चोरी की घटना को अंजाम देने वाले चोर पुलिस को चुनौती देते हुए दिन में भी चोरी की वारदात को अंजाम देना शुरू कर दिये है। जो पुलिस के लिए किसी बड़ी चुनौती से कम नहीं है। थानाध्यक्ष राजीव कुमार ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button