दहेज़ में भैस नहीं मिला तो विवाहिता के साथ मारपीट कर घर से निकाला, पुलिस कर रही है मामले की जाँच




न्यूज़ विज़न। बक्सर
जिले के कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र अंतर्गत एक गांव में दहेज में भैंस नहीं मिलने पर विवाहिता काे मारपीट कर घर से निकाल देने का मामला सामने आया है। विवाहिता ने मामले को लेकर महिला थाना में एफआईआर दर्ज कराई है। एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।






महिला थाना पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के शांति नगर कठार गांव के श्रवण भर की पुत्री सीता की शादी ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र के चक्की भोला डेरा गांव के सुदर्शन राजभर के पुत्र राधेलाल राजभर के साथ वर्ष 2023 में हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल वाले दहेज के लिए विवाहिता के साथ मारपीट करते थे। ससुराल वाले दहेज में भैंस की मांग कर रहे थे। भैंस नहीं मिलने पर ससुराल वालों ने 27 मार्च 2024 को मारपीट कर घर से निकाल दिया। मामले को लेकर कई बार समझाैता का प्रयास किया गया। समझौता नहीं होने पर विवाहिता ने महिला थाना में एफआईआर दर्ज कराई है। पीड़िता ने पति समेत सास, ससुर और भसुर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। महिला थानाध्यक्ष सुजाता कुमारी ने बताया कि मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



