ACCIDENT

दलसागर टोल प्लाजा के पास भीषण टक्कर में युवक की दर्दनाक मौत, दो साथी घायल

न्यूज विज़न। बक्सर
बक्सर आरा मुख्य मार्ग राष्ट्रीय राजमार्ग 922 पर दलसागर के समीप मंगलवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथ बाइक पर सवार दो अन्य युवक घायल हो गए। घायलों का स्थानीय स्तर पर उपचार कराया गया है। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मुफस्सिल थाना क्षेत्र के इजरी मठिया गांव निवासी राजदेव चौधरी के पुत्र गुड्डू चौधरी अपने दो साथियों के साथ बाइक से एनएच-922 के रास्ते जिला मुख्यालय की ओर आ रहे थे। इसी दौरान दलसागर टोल प्लाजा के आगे किसी अज्ञात वाहन से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार तीनों युवक सड़क पर गिर पड़े।

हादसे में गुड्डू चौधरी को गंभीर चोटें आईं, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, दो अन्य युवक घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को उपचार के लिए भेजा गया, जहां उनका इलाज कराया गया।

घटना की सूचना मिलते ही औद्योगिक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। इस संबंध में औद्योगिक थानाध्यक्ष सुरेश कुमार सिंह ने बताया कि सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत हुई है। मामले में प्राथमिकी दर्ज किए जाने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस दुर्घटना में शामिल वाहन की पहचान और चालक की तलाश में जुटी हुई है।

हादसे के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से एनएच-922 पर बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने की मांग की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button