डुमरांव में रालोमो नेता अरविंद प्रताप शाही की अगुवाई में एनडीए प्रत्याशी राहुल सिंह के समर्थन में विशाल जनसभा
दिल्ली सरकार के मंत्री डॉ. पंकज सिंह रहे मुख्य अतिथि


न्यूज विज़न। बक्सर
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के मद्देनज़र डुमरांव विधानसभा क्षेत्र में चुनावी सरगर्मियां तेज़ हो गई हैं। इसी क्रम में राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) के वरिष्ठ नेता एवं जिला पार्षद अरविंद प्रताप शाही की अगुवाई में गुरुवार को क्षेत्र की अतिपिछड़ा बस्तियों में एक भव्य जनसभा का आयोजन किया गया। इस सभा में भारी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति ने क्षेत्र में एनडीए प्रत्याशी राहुल सिंह के प्रति जनता के बढ़ते समर्थन को स्पष्ट कर दिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज सिंह शामिल हुए। उन्होंने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रतिनिधि के रूप में डुमरांव से चुनाव लड़ रहे राहुल सिंह को जनता का आशीर्वाद अवश्य मिलेगा, क्योंकि बिहार में विकास और सुशासन की मजबूत नींव नीतीश कुमार ने रखी है। डॉ. सिंह ने कहा कि राहुल सिंह एक ऊर्जावान, ईमानदार और जनसेवा के प्रति समर्पित युवा हैं। वे डुमरांव के विकास की नई कहानी लिखेंगे। जनता को चाहिए कि आगामी चुनाव में एनडीए प्रत्याशी को भारी मतों से विजयी बनाएं।
इस अवसर पर बंटी शाही ने भी एनडीए सरकार की उपलब्धियों का बखान करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार ने सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में ऐतिहासिक प्रगति की है। उन्होंने कहा कि बिहार का भविष्य अब विकास और स्थिरता की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
सभा में केसठ प्रखंड प्रमुख मुना सिंह, कई स्थानीय जनप्रतिनिधि, पंचायत प्रतिनिधि, महिला कार्यकर्ता एवं सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे। जनसभा में उमड़ी भीड़ ने यह स्पष्ट कर दिया कि डुमरांव में एनडीए की लहर तेज़ी से बढ़ रही है, और जनता अब परिवर्तन नहीं, बल्कि विकास और सुशासन को चुनने के मूड में है।
जनसभा के अंत में अरविंद प्रताप शाही ने उपस्थित जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह भीड़ नहीं, डुमरांव के बदलाव की तस्वीर है। जनता ने तय कर लिया है कि इस बार डुमरांव से एनडीए प्रत्याशी राहुल सिंह की ऐतिहासिक जीत सुनिश्चित करनी है।





