डिजिटल क्रॉप सर्वे से किसानों को योजनाओं का मिलेगा वास्तविक लाभः डीएओ
जिले में रबी 2025-26 सीजन के तहत चल रहे सर्वेक्षण में अब तक 66.3 प्रतिशत प्लॉटों का सर्वे पूरा


न्यूज विजन। बक्सर
जिले में रबी 2025-26 सीजन के तहत चल रहे सर्वेक्षण में अब तक 66.3 प्रतिशत प्लॉटों का सर्वे पूरा कर लिया गया है। 6 मार्च 2026 तक जारी प्रखंडवार सर्वेक्षण प्रगति रिपोर्ट के अनुसार जिले में कुल 398502 प्लॉटों का सर्वे पूरा कर लिया गया है। जिला कृषि कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार कुल ग्यारह प्रखंडों में 601127 प्लॉट सर्वे के लिए आवंटित हैं। सर्वेक्षण के दौरान डिजिटल क्रॉप सर्वे ऐप के उपयोग, फसल क्षेत्र मापन, बोई गई फसलों की सही प्रविष्टि, जीपीएस आधारित लोकेशन टैगिंग तथा फोटो अपलोड किया जा रहा है।
डीएओ धर्मेन्द्र कुमार ने कहा कि डिजिटल क्रॉप सर्वे राज्य सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसका उद्देश्य किसानों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि फसल बीमा, आपदा राहत, अनुदान एवं अन्य योजनाओं के लिए सही आंकड़े अत्यंत आवश्यक हैं, जिसे डिजिटल सर्वे के माध्यम से सुनिश्चित किया जा रहा है।
डिजिटल क्रॉप सर्वे योजना के पूर्ण होने से किसानों की जमीन और फसलों से संबंधित वैज्ञानिक एवं प्रमाणिक डेटा उपलब्ध होगा। इससे न केवल जरूरतमंद किसानों को सरकारी योजनाओं का वास्तविक लाभ मिलेगा, बल्कि फसलों की मार्केटिंग और भविष्य की कृषि रणनीति तैयार करने में भी सरकार को बड़ी सहूलियत होगी। उन्होंने कहा कि प्रखंड उद्यान पदाधिकारी, कृषि समन्वयक, एटीएम, बीटीएम और किसान सलाहकारों को सर्वे का कार्य तथा शीघ्र पूर्ण करने का निर्देश दिया गया है।
जिला कृषि कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार ब्रह्मपुर प्रखंड में सर्वे के लिए आवंटित प्लॉट के विरुद्ध 41% सर्वे का कार्य पूरा कर लिया गया है। इसी तरह से चक्की प्रखंड में 88.1%, चौगाई में 85.2%, डुमरांव में 53.9%, टेस्ट में 86.6%, नावानगर में 68.5% और सिमरी प्रखंड में 53.7 % प्लॉट का सर्वे कार्य पूरा कर लिया गया है। वहीं बक्सर प्रखंड में 72.2%, चौसा में 86.2%, इटाढ़ी में 85.7% और राजपुर प्रखंड में 66.8% प्लॉटों का सर्वे कर लिया गया है।





