CRIME

जवही दियर में पुलिस पिकेट पर हमला, दो पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल; एक आरोपी गिरफ्तार

शराब पकड़वाने की कार्रवाई से नाराज बदमाशों ने लाठी-डंडों से किया हमला, मोबाइल छीनकर हुए फरार; वीडियो फुटेज के आधार पर पहचान

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
जिले के ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत जवही दियर स्थित पुलिस पिकेट पर तैनात दो पुलिसकर्मियों पर अज्ञात बदमाशों द्वारा हमला कर गंभीर रूप से घायल कर देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना 2 मार्च 2026 की दोपहर लगभग 3:30 बजे की बताई जा रही है। इस संबंध में पिकेट पर तैनात हवलदार रामप्यारे पासवान ने ब्रह्मपुर थाना में लिखित आवेदन देकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

 

गौरतलब है कि पिकेट पुलिस अस्थायी रूप से तैनात पुलिस बल होता है, जिसे संवेदनशील या विवादित क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगाया जाता है। यह स्थायी थाना या चौकी नहीं होती, बल्कि सीमित संख्या में पुलिसकर्मी विशेष परिस्थितियों में तैनात किए जाते हैं। जवही दियर गांव उत्तर प्रदेश की सीमा के समीप होने के कारण यहां पुलिस पिकेट की स्थापना की गई है।

 

हवलदार ने दर्ज कराई प्राथमिकी
ब्रह्मपुर पुलिस को दिए गए आवेदन में हवलदार रामप्यारे पासवान ने बताया कि वे अपने सहयोगी सिपाही रौशन कुमार के साथ नियमित गश्त और सूचना संकलन का कार्य कर रहे थे। 2 मार्च को दोनों पिकेट से कुछ दूरी पर स्थित अशोक चौबे की किराना दुकान पर दैनिक उपयोग का सामान लेने गए थे। सामान खरीदने के बाद जब वे पिकेट की ओर लौट रहे थे, तभी रास्ते में तीन मोटरसाइकिलों पर सवार आठ से नौ अज्ञात बदमाशों ने अचानक उन्हें घेर लिया। आवेदन के अनुसार, बदमाशों ने कहा कि पिकेट पुलिस द्वारा हाल में शराब पकड़वाने की कार्रवाई से वे नाराज हैं। इसी बात को लेकर उन्होंने दोनों पुलिसकर्मियों को जान से मारने की धमकी दी और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में सिपाही रौशन कुमार के सिर पर गंभीर चोट लगी, जिससे वे लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। वहीं हवलदार रामप्यारे पासवान को भी अंदरूनी चोटें आईं।

लात-घूंसों से की मारपीट, मोबाइल भी छीना
बताया जाता है कि हमलावरों ने दोनों पुलिसकर्मियों को जमीन पर गिराकर लात-घूंसों से भी मारपीट की। पीड़ितों के अनुसार हमला अचानक और सुनियोजित था। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए बीच-बचाव किया, जिसके बाद हमलावर वहां से फरार हो गए। मारपीट के दौरान बदमाशों ने दोनों पुलिसकर्मियों के मोबाइल फोन भी छीन लिए। हवलदार का ओप्पो कंपनी का मोबाइल और सिपाही रौशन कुमार का मोबाइल लेकर आरोपी फरार हो गए। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

वीडियो फुटेज से हुई पहचान
घटना के दौरान मौजूद एक ग्रामीण ने पूरी वारदात का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया। बाद में यह वीडियो पिकेट पर तैनात सिपाही धीरज कुमार को सौंपा गया। वीडियो फुटेज और स्थानीय चौकीदार की पहचान के आधार पर पांच आरोपियों की पहचान की गई है, जबकि चार अन्य अब भी अज्ञात बताए जा रहे हैं। घायल दोनों पुलिसकर्मियों को तत्काल ब्रह्मपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। चिकित्सकों के अनुसार सिपाही रौशन कुमार के सिर में गहरी चोट आई है, जबकि हवलदार रामप्यारे पासवान को भी अंदरूनी चोटें आई हैं। फिलहाल दोनों की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।

एक आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश
3 मार्च को हवलदार रामप्यारे पासवान ने ब्रह्मपुर थाना में लिखित आवेदन देकर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। पुलिस ने वीडियो साक्ष्य और पहचान के आधार पर छापेमारी शुरू कर दी है। इस संबंध में ब्रह्मपुर थाना की प्रभारी थानाध्यक्ष अंशु कुमारी ने बताया कि घटना में संलिप्त गोपाल कुंवर को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। अन्य नामजद और अज्ञात आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों पर हमला किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जवही दियर की इस घटना के बाद पुलिस महकमे में सतर्कता बढ़ गई है। वहीं ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो क्षेत्र में तनाव बढ़ सकता है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।

वीडियो देखें :-

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button