CRIME

जमीन विवाद में अधेड़ महिला पर जानलेवा हमला, आरोपी गिरफ्तार

न्यूज़ विज़न। बक्सर
बक्सर जिला अंतर्गत सिकरौल थाना क्षेत्र के भदार गांव में बुधवार की देर रात एक अधेड़ महिला पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना उस समय हुई जब पीड़िता अपने घर में सो रही थी। अचानक गांव के ही एक युवक ने घर में घुसकर महिला पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिया। शोर मचाने पर आरोपी भाग खड़ा हुआ।

 

 

हमले में घायल हुई महिला की पहचान रमन सिंह की पत्नी शिला देवी (50 वर्ष) के रूप में हुई है। चाकू के वार से महिला के चेहरे, गर्दन और कंधे पर गंभीर चोटें आईं। परिवार के लोगों ने आनन-फानन में उन्हें शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार, आरोपी की पहचान गांव के ही धीराजन मुसहर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि जमीन को लेकर दोनों पक्षों के बीच पुराना विवाद चल रहा था। इसी विवाद के कारण आरोपी ने देर रात महिला पर हमला किया।

 

 

घटना की जानकारी मिलते ही सिकरौल थाना की पुलिस गुरुवार सुबह मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। सिकरौल थानाध्यक्ष ने बताया कि घटना के पीछे जमीन विवाद की बात सामने आई है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे गहन पूछताछ की जा रही है। मामले की जांच की जा रही है तथा आरोपी को शुक्रवार को कोर्ट में प्रस्तुत किया जाएगा। कोर्ट के आदेशानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस घटना से पूरे गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि छोटे-छोटे विवाद भी अब जानलेवा हमलों में बदल जाते हैं, जिससे सामाजिक माहौल बिगड़ रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से सुरक्षा और सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button