OTHERS

चैती छठ को लेकर एसडीएम ने गंगा घाटों का निरीक्षण

खतरनाक घाटों को चिन्हित कर प्रतिबंधित करने का निर्देश

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
आगामी 22 मार्च को चैती छठ महापर्व को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी क्रम में शनिवार को अनुमंडल पदाधिकारी अविनाश कुमार के नेतृत्व में शहर के विभिन्न गंगा घाटों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान सुरक्षा, साफ-सफाई और श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़े सभी पहलुओं का जायजा लिया गया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

 

निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी ने अधिकारियों के साथ शहर के प्रमुख गंगा घाटों रामरेखा घाट, गायत्री घाट, सतीघाट, गोलाघाट, सिद्धनाथ घाट, पुलिया घाट तथा अहिरौली घाट का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने घाटों की स्थिति, सफाई व्यवस्था, रोशनी, बैरिकेडिंग और श्रद्धालुओं की आवाजाही के रास्तों की स्थिति की समीक्षा की। एसडीओ ने नगर परिषद के अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी घाटों की समुचित सफाई समय से पहले सुनिश्चित की जाए, ताकि छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने यह भी कहा कि जिन घाटों को खतरनाक पाया गया है, उन्हें चिन्हित कर वहां स्नान और पूजा को प्रतिबंधित किया जाए तथा आवश्यक स्थानों पर बैरिकेडिंग लगाई जाए।

 

इसके अलावा घाटों पर बेहतर प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा बैरिकेडिंग और श्रद्धालुओं की सुरक्षित आवाजाही के लिए भी नगर परिषद को विशेष निर्देश दिए गए। एसडीओ ने घाटों तक जाने वाले रास्तों को अतिक्रमण मुक्त कराने का भी आदेश दिया, ताकि छठ के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो। निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी गौरव पांडे भी मौजूद रहे और उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक सुझाव दिए। प्रशासन की ओर से कहा गया कि छठ पर्व के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी विभागों के बीच समन्वय बनाकर काम किया जाएगा।

इस मौके पर चेयरमैन प्रतिनिधि नियमतुल्ला फरीदी, रेडक्रॉस सचिव डॉ. श्रवण तिवारी, नगर परिषद के पदाधिकारी, स्वच्छता सिटी मैनेजर, सफाई निरीक्षक समेत अन्य कर्मी उपस्थित रहे। प्रशासन ने कहा कि चैती छठ के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए घाटों की व्यवस्था समय रहते दुरुस्त कर ली जाएगी।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button