खेल, उमंग और रंगों से सराबोर रहा लोयोला स्कूल का वार्षिक आयोजन
प्राचार्य समीक्षा तिवारी ने कहा- ऐसे आयोजनों से बच्चों की छिपी प्रतिभाएं निखरती है


न्यूज विजन। बक्सर
नगर के पांडेय पट्टी स्थित प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थान लोयोला स्कूल में आयोजित दो दिवसीय एनुअल स्पोर्ट्स मीट खेल, उत्साह और रंगों की मस्ती के साथ संपन्न हो गया. शुक्रवार को रंगोत्सव कार्यक्रम के साथ इस आयोजन का समापन हुआ, जहां बच्चों की प्रतिभा, ऊर्जा और सामूहिकता की भावना खुलकर सामने आई।
कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत बीते गुरुवार को प्राचार्य समीक्षा तिवारी और निदेशक चन्द्र कान्त निराला ने शिक्षकों के साथ गुब्बारे उड़ाकर की। इसके बाद मैदान में खेल प्रतियोगिताओं का रोमांच शुरू हुआ। नीडल-थ्रेड रेस में बच्चों ने संतुलन और एकाग्रता दिखाई, तो म्यूजिकल चेयर में फुर्ती और सतर्कता का प्रदर्शन किया। जंपिंग रेस, बैक रेस और फ्रॉग रेस में नन्हे प्रतिभागियों का उत्साह देखते ही बन रहा था। टेन राउंड रेस, 5 राउंड रेस और मैथमेटिक्स रेस ने बच्चों की शारीरिक क्षमता के साथ-साथ बौद्धिक कौशल को भी परखा। टगिंग रोप प्रतियोगिता में टीम भावना और सामूहिक शक्ति का शानदार प्रदर्शन हुआ।
शुक्रवार को विजयी प्रतिभागियों को मेडल देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर आलोक कुमार ने कहा कि खेल बच्चों के सर्वांगीण विकास का आधार है और ऐसे आयोजन आत्मविश्वास को मजबूत करते हैं। अन्य वक्ताओं ने बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि विद्यालय स्तर से ही खेल संस्कृति को बढ़ावा देना आवश्यक है। हार-जीत से बढ़कर भागीदारी का जज्बा महत्वपूर्ण होता है और आज बच्चों ने यह साबित कर दिया। पुरस्कार वितरण के बाद रंगोत्सव कार्यक्रम का आगाज हुआ। सबसे पहले बच्चों और अतिथियों ने फूड स्टॉल पर लजीज व्यंजनों का आनंद लिया।
प्राचार्य समीक्षा तिवारी ने कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों की छिपी प्रतिभाएं निखरती हैं। साथ ही एकल परिवार में रहने वाले बच्चों को मिलजुल कर त्योहार मनाने का अवसर मिलता है, जिससे उनमें सामाजिक समरसता की भावना विकसित होती है। उन्होंने बताया कि इस आयोजन में लोयोला स्कूल के जूनियर विंग आई प्ले आई लर्न, स्वीट किड्स केयर स्कूल के बच्चों ने भी शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में शिक्षक और शिक्षकेतर कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। नंदिनी उपाध्याय, अमृत ठाकुर, रोशनी पाठक, पूजा गुप्ता, जितेंद्र कुमार समेत सभी ने आयोजन को यादगार बनाने में सराहनीय योगदान रहा।





